bareillylive@bareillynews:आंवला पुलिस ने वजीरगंज रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, बेटे की तलाश जारी
बरेली। फर्जी फर्म और कूटरचित बिलों के जरिए जीएसटी का अनुचित लाभ लेने के मामले में आंवला पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन और पैन कार्ड की छायाप्रति बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, राज्य कर अधिकारी शेषनाथ रावत की शिकायत पर 14 जून को धोखाधड़ी और कूटरचित प्रपत्र तैयार कर जीएसटी का अनुचित लाभ लेने के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 323/2026 दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान सुभाष गुप्ता निवासी जीएन सिटी, मठ लक्ष्मीपुर, इज्जतनगर और उसके पुत्र प्रशान्त गुप्ता के नाम सामने आए।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वजीरगंज रोड के पास घेराबंदी की। इसी दौरान दोपहर करीब 12:15 बजे 55 वर्षीय सुभाष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपने पुत्र के साथ मिलकर अरविन्द के नाम से फर्जी फर्म तैयार करने तथा वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के बिना कूटरचित बिलों के माध्यम से आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) पास ऑन कर अनुचित लाभ लेने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है। वहीं मामले में नामजद प्रशान्त गुप्ता की तलाश जारी है।






Leave a Reply