bareillylive@bareillynews:गोवंशों के लिए चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
बरेली। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह ने शुक्रवार को तहसील आंवला के विकासखंड आलमपुर जाफराबाद स्थित ग्राम कुद्धा की गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में संरक्षित गोवंशों की संख्या, रख-रखाव, चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने गौशाला संचालक को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहना चाहिए। साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बीमार गोवंशों को अलग रखने के निर्देश
पूर्णिमा सिंह ने बीमार गोवंशों को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने और उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और गोवंशों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम आंवला सुशील कुमार मिश्र, बीडीओ आलमपुर जाफराबाद, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और गौशाला संचालक मौजूद रहे।






Leave a Reply