bareillylive@bareillynews:शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटें, करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू में आई आग
बरेली। सीबीगंज के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में वाडीलाल आइसक्रीम कंपनी के गोदाम में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं और लपटें उठती देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वाडीलाल आइसक्रीम की फैक्ट्री परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। कंपनी ने रोड नंबर एक पर गोदाम किराये पर ले रखा है, जहां आइसक्रीम के कोन समेत कंपनी से संबंधित अन्य सामग्री रखी जाती है। बताया गया कि कोन में सीलन न आए, इसके लिए गोदाम में हीट देने वाली मशीन भी लगी हुई है।
सुबह करीब नौ बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब नौ बजे गोदाम में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद आग भड़क उठी और कुछ ही देर में गोदाम का बड़ा हिस्सा लपटों से घिर गया। कर्मचारियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
कंपनी के एचआर मैनेजर दिनेश सिंह के मुताबिक, आग की चपेट में आने से करीब 25 लाख रुपये का सामान जलने का अनुमान है। फिलहाल आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दो साल बाद फिर हुआ हादसा
वाडीलाल फैक्ट्री परिसर में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2023 में भी यहां आग लग चुकी है। अब करीब दो साल बाद एक बार फिर गोदाम में आग लगने से सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
हालांकि इस बार दमकल टीम के समय पर पहुंचने से आग को बड़े इलाके में फैलने से रोक लिया गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था।






Leave a Reply