नंदगांव में श्मशान भूमि का विधि-विधान से भूमि पूजन, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

नंदगांव में श्मशान भूमि का विधि विधान से भूमि पूजन

bareillylive@bareillynews:मीरगंज। ग्राम पंचायत नंदगांव में ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। गांव में श्मशान भूमि के निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पूजन-अर्चन के साथ निर्माण कार्य की नींव रखी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण गंगवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों के साथ विधि-विधान से पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गांव में श्मशान भूमि का निर्माण ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण सुविधा है। इसके बनने के बाद ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए दूर जाने या अन्य परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। गांव में ही यह आवश्यक आधारभूत सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर खुशी जताई और इस विकास कार्य के लिए सांसद एवं विधायक का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!