The Voice of Bareilly since 2010

गूंजे वंदेमातरम के तराने, छात्राओं ने लिया सामाजिक जिम्मेदारी का संकल्प

bareillynews-गूंजे वंदेमातरम के तराने छात्राओं ने लिया सामाजिक जिम्मेदारी bareillylive @

बरेली@Bareillylive : मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में वंदेमातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कांति कपूर कॉलेज की छात्राओं की वंदेमातरम गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कुदेशिया फाटक स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दीं।

प्रतियोगिता के समूहगान वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई सीनियर ग्रुप की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। रानी अवंतीबाई ग्रुप की छात्राओं ने द्वितीय तथा सरोजिनी नायडू ग्रुप की छात्राओं ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा 100 से अधिक छात्राओं ने एक साथ संपूर्ण वंदेमातरम का सामूहिक गायन किया। छात्राओं ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल रहे। उन्होंने विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सुरेंद्र बीनू सिन्हा, निर्णायक प्रो. अनीता जौहरी, डॉ. निशि जौहरी, डॉ. रश्मि जौहरी, मुक्ति सक्सेना, महासचिव मुकेश सक्सेना, सुरेश बाबू मिश्रा और इंद्रदेव त्रिवेदी ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना गहलौत, डॉ. अनीता जौहरी, डॉ. रश्मि जौहरी, भावना शर्मा और मुक्ति सक्सेना को संजीव अग्रवाल एवं डॉ. निशि जौहरी ने 14वां स्वर्गीय राघव कांत जौहरी शिक्षा सम्मान प्रदान किया।

कार्यक्रम में अरुणा सिन्हा, प्रकाश चंद्र सक्सेना, मीरा मोहन, सुधीर मोहन, सुनील शर्मा, गंगाराम पाल और मंजू लता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षिकाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। मंच का संचालन क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!