The Voice of Bareilly since 2010

तेज हवा और मूसलाधार बारिश से धान की फसल बर्बाद, खेतों में बिछी पकी फसल

किसानों की सैकड़ों बीघा धान की फसल जमीन पर गिरी, कटाई की लागत बढ़ने और दाने काले पड़ने का खतरा

bareillylive@भमोरा (बरेली)। शुक्रवार शाम से शुरू हुई तेज रफ्तार हवा और मूसलाधार बारिश ने क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सबसे ज्यादा नुकसान खेतों में खड़ी धान की पकी फसल को हुआ है। देर रात तक चली तेज हवाओं के कारण कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में जमीन पर बिछ गई। खेतों में पानी भरने से फसल के सड़ने और दाने काले पड़ने की आशंका से किसान चिंतित हैं।

क्षेत्र के गांव कुड्ढा निवासी किसान रामौतार यादव और दुर्विजय यादव ने बताया कि उनकी सैकड़ों बीघा धान की फसल तेज हवा और बारिश के कारण पूरी तरह गिर गई है। वहीं प्रेमपाल यादव, हरीश यादव और अनिल यादव समेत कई किसानों की धान की फसल कटाई के लिए तैयार थी। अचानक मौसम बिगड़ने से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया।

किसानों का कहना है कि खेत में गिरी फसल की कटाई सामान्य फसल की तुलना में काफी मुश्किल होगी। इसके लिए मजदूरी भी अधिक देनी पड़ेगी। वहीं खेतों में पानी भरा होने से धान के दानों के काले पड़ने और गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में उपज का उचित मूल्य मिलना भी मुश्किल हो सकता है।

गांवों की सड़कों पर भरा पानी, बिजली आपूर्ति भी प्रभावित

लगातार बारिश के कारण कस्बे और गांवों की कई सड़कों पर जलभराव हो गया। आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

किसानों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त फसलों का जल्द सर्वे कराने और नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय रहते सर्वे और राहत की कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!