The Voice of Bareilly since 2010

नवाबगंज चीनी मिल की नीलामी को लेकर डीएम ने की समीक्षा

22 अक्टूबर को होगी नीलामी, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

बरेली, 01 अक्टूबर। नवाबगंज स्थित ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड चीनी मिल की नीलामी की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नीलामी प्रक्रिया की तैयारियों, प्रचार-प्रसार और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि चीनी मिल की नीलामी के लिए 22 अक्टूबर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नीलामी से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने नीलामी की तिथि एवं निर्धारित शर्तों का समाचार पत्रों, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नीलामी की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, जिससे इच्छुक लोग नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकें।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने चीनी मिल गेट, तहसील परिसर, प्रमुख चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बड़े पोस्टर और बैनर लगवाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य आम जनमानस को भी चीनी मिल की नीलामी की तिथि एवं प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराना है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, जिला गन्ना अधिकारी डी.के. सैनी, उप जिलाधिकारी नवाबगंज सचिन यादव, तहसीलदार नवाबगंज, एससीडीआई नवाबगंज तथा सचिव गन्ना समिति नवाबगंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!