The Voice of Bareilly since 2010

लखनऊ में बरेली की जिला सूचना अधिकारी की बहन की संदिग्ध मौत, पति और सास पर प्रताड़ना व हत्या का आरोप

बरेली@bareillylive:बरेली/लखनऊ। बरेली की जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया की बहन अनीता कन्नौजिया की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव चिनहट थाना क्षेत्र के चक मल्हार स्थित ससुराल में जमीन पर पड़ा मिला। ससुराल पक्ष ने आत्महत्या की बात कही है, जबकि मायके वालों ने पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की मांग पर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मौत से पहले परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा था संदेश, डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा पोस्टमार्टम

2014 में हुई थी शादी, दो बच्चे हैं

जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया के मुताबिक, उनका परिवार लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में रहता है। उनकी बहन अनीता की शादी 19 अप्रैल 2014 को राहुल कन्नौजिया से हुई थी। राहुल टाटा मोटर्स में ऑडिट इंजीनियर के पद पर कार्यरत बताए गए हैं। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 11 वर्षीय बेटा और चार साल की बेटी शामिल हैं।

नीतू कन्नौजिया ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उनके मुताबिक, पति की कुछ अनुचित बातों से भी अनीता मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। अनीता ने कई बार परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी परेशानियां साझा की थीं। परिवार को उम्मीद थी कि समय के साथ परिस्थितियां सुधर जाएंगी, इसलिए पहले कोई शिकायत नहीं की गई।

मौत से पहले व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा संदेश

नीतू कन्नौजिया के अनुसार, बुधवार सुबह 9:49 बजे अनीता ने परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में एक संदेश भेजा था। परिजनों का दावा है कि संदेश में उन्होंने अपनी मौत के लिए ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया था। इसमें पति की ओर से कथित तौर पर अनुचित बातें कहे जाने का भी उल्लेख था।

परिजनों के मुताबिक, संदेश भेजने के कुछ देर बाद अनीता का मोबाइल फोन बंद हो गया। अनहोनी की आशंका होने पर परिवार ने पास में रहने वाली एक रिश्तेदार को उनके घर भेजा। वहां अनीता का शव जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। ससुराल पक्ष की ओर से आत्महत्या किए जाने की बात कही गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों पर टिकी जांच

अनीता की मौत के बाद मायके वालों ने उनके पति राहुल और सास पर प्रताड़ना तथा हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों की मांग पर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने और आरोपों की पुष्टि के लिए जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।

नोट: पति और सास पर लगाए गए आरोप परिजनों के हैं। मामले में दोष का निर्धारण जांच और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!