एक नवंबर को निकलेगी भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा, 19 वर्षों से आयोजन कर रहा कायस्थ चेतना मंच

त्रिवटीनाथ मंदिर से शाम चार बजे होगा शुभारंभ, शाम सात बजे गुद्दड़बाग मंदिर पर होगा समापन

बरेली@bareillylive:बरेली। भगवान श्री चित्रगुप्त जी की भव्य एवं विशाल शोभायात्रा एक नवंबर को बरेली में निकाली जाएगी। कायस्थ चेतना मंच के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस शोभायात्रा का शुभारंभ रविवार शाम चार बजे श्री त्रिवटीनाथ मंदिर परिसर से होगा। विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई शोभायात्रा शाम सात बजे गुद्दड़बाग मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। शोभायात्रा में देवी-देवताओं के स्वरूपों की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कायस्थ चेतना मंच के अध्यक्ष संजय सक्सेना ने बताया कि संस्था पिछले 19 वर्षों से निरंतर भगवान श्री चित्रगुप्त जी की शोभायात्रा का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी आयोजन को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कायस्थ समाज सहित सभी श्रद्धालुओं से एक नवंबर को शाम चार बजे त्रिवटीनाथ मंदिर परिसर पहुंचकर शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की।

संस्था के संरक्षक डॉ. पवन सक्सेना ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी सृष्टि में न्याय के अधिष्ठाता माने जाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उनके दर्शन और आराधना से पाप कर्मों एवं कष्टों का निवारण होता है। उन्होंने कहा कि यह शोभायात्रा केवल कायस्थ समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सभी समाजों के लोग उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।

महिला अध्यक्ष अनीता मुकेश ने बताया कि शोभायात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, महामंत्री अमित सक्सेना बिंदु ने कहा कि आयोजन में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी।

प्रेस वार्ता में वीरेंद्र आर्या, निर्भय सक्सेना, प्रदीप मधवार, विजय सक्सेना, वीके सक्सेना, राजीव सक्सेना, चमन सक्सेना, अविनाश सक्सेना, ईशान ईशू, अनुराग भूषण, सुधांशु सक्सेना, प्रवेश वर्मा, स्वाति सक्सेना और छवि सक्सेना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!