उत्तराखंड, मेरठ और ब्रज प्रांत के प्रतिभागी ले रहे हिस्सा, संस्कृति प्रश्न मंच से लेकर मूर्ति कला तक होंगी प्रतियोगिताएं
बरेली@bareillylive:बरेली। विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र का तीन दिवसीय क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव शुक्रवार को बरेली स्थित कांति कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुरू हुआ। महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, कला, संस्कार और सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
महोत्सव के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विद्या भारती उत्तराखंड के प्रांत संगठन मंत्री सुनील तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजिका मोना शर्मा एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना गहलोत ने बताया कि महोत्सव में उत्तराखंड, मेरठ और ब्रज प्रांत की विभिन्न समितियों के प्रांत स्तर पर विजयी प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय आयोजन में संस्कृति प्रश्न मंच, रामचरितमानस अंताक्षरी, एकल गीत, कथा कथन, कला एवं मूर्ति कला सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय स्तर पर विजयी प्रतिभागियों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव में विद्या भारती का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्षा दीप्ति रानी, बरेली जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर, सहसंयोजक संजीव कुमार पांडेय तथा प्रांत शिशु वाटिका प्रभारी रामकिशोर श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply