जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज में हुआ आयोजन, फाइनल में एसएस कॉलेज शाहजहांपुर को 32-22 से हराया
बरेली@bareillylive:बरेली, 30 अक्टूबर। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के तत्वावधान में जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज (जेपीएम), बरेली में आयोजित अंतरमहाविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कैंपस टीम ने एसएस कॉलेज, शाहजहांपुर को 32-22 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं खेल विशेषज्ञ पदमवीर सिंह, विश्वविद्यालय के प्रतियोगिता पर्यवेक्षक डॉ. महिपाल सिंह, संस्थान के प्रबंध निदेशक आर्किटेक्ट वैभव पटेल, निदेशक डॉ. मनोज कांडपाल, जेपीएम फार्मेसी कॉलेज के निदेशक प्रो. डॉ. ललित सिंह, मैच रेफरी एवं मुख्य निर्णायक जसवीर तथा डॉ. नरेश चंद्र शर्मा ने किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय और जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। खिलाड़ियों ने शानदार रेड और मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया। अंततः विश्वविद्यालय की टीम ने 52-32 से जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में बरेली कॉलेज, बरेली और एसएस कॉलेज, शाहजहांपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में एसएस कॉलेज की टीम ने 35-30 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।
महिला वर्ग में जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज की टीम को प्रतिद्वंद्वी टीम के उपस्थित नहीं होने के कारण वॉकओवर मिला। इसके बाद निर्णायक मंडल ने जेपीएम कॉलेज की टीम को विजेता घोषित किया।
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला एसएस कॉलेज, शाहजहांपुर और एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कैंपस टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया, लेकिन विश्वविद्यालय की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 32-22 से मुकाबला जीत लिया और प्रतियोगिता की चैंपियन बनी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पदमवीर सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेल गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
संस्थान के निदेशक डॉ. मनोज कांडपाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। खिलाड़ियों को जीत से प्रेरणा लेने और हार से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
संस्थान के प्रबंध निदेशक आर्किटेक्ट वैभव पटेल ने अतिथियों, टीम प्रबंधकों, निर्णायकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर जेपीएम कॉलेज के खेल प्रभारी डॉ. मोहम्मद नईम ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य अनुशासन अधिकारी अंकुर टंडन ने किया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ. यशपाल सिंह, डॉ. अपर्णा कटियार, डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. रवि शंकर, डॉ. रक्षा सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, कोच एवं क्रीड़ा अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply