डीआरएम वीणा सिन्हा ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सौंपे भुगतान परिपत्र और मेडिकल कार्ड, उसी दिन पदोन्नति देने की नई पहल शुरू
बरेली@bareillylive:बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त हुए 10 रेलकर्मियों के सम्मान में शुक्रवार को मंडल सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुश्री वीणा सिन्हा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड और सेवानिवृत्ति से संबंधित अन्य दस्तावेज सौंपे। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखमय और समृद्ध भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए डीआरएम वीणा सिन्हा ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस दौरान कर्मचारी अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और जीवनभर की अर्जित पूंजी का विवेकपूर्ण निवेश करें। उन्होंने सेवानिवृत्त रेलकर्मियों से अपने अनुभवों के माध्यम से परिवार और समाज का मार्गदर्शन करते रहने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेल सेवा के दौरान कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के रेलकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
विभिन्न विभागों के 10 कर्मचारियों को दी गई विदाई
अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त होने वालों में इंजीनियरिंग विभाग के बाल किशन, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ), यूएसएफडी, इज्जतनगर; वाणिज्य विभाग के राजेंद्र सिंह, मुख्य वाणिज्य पर्यवेक्षक, लालकुआं; परिचालन विभाग के अंगूर लाल शर्मा, गार्ड मेल, बरेली सिटी; प्रदीप कुमार, शंटिंग मास्टर, टनकपुर; मुन्नालाल, कांटावाला, इज्जतनगर; दाताराम, कांटावाला, देवरनियां और अशोक कुमार, स्टेशन अधीक्षक, माला शामिल रहे।
इसके अलावा कार्मिक विभाग के इसरार अहमद, कार्यालय सहायक, इज्जतनगर तथा चिकित्सा विभाग के ब्रह्मानंद, एचकेएच, इज्जतनगर और किशनपाल, एचकेए, मथुरा छावनी को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
सेवानिवृत्ति से रिक्त पदों पर उसी दिन पदोन्नति की पहल
इज्जतनगर मंडल में डीआरएम के निर्देश पर एक नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत सेवानिवृत्ति के कारण रिक्त होने वाले पदों पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य रेलकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाना है। इसी क्रम में अक्टूबर माह में भी विभिन्न विभागों के चार कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, रेलकर्मी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply