जनगणना-2027: स्व-गणना अभियान में सहयोग करेंगे उचित दर विक्रेता, राशन कार्डधारकों को करेंगे जागरूक

bareillylive@जनगणना 2027 स्व गणना अभियान में सहयोग करेंगे उचित दर विक्रेता

16 से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया, एडीएम ने उचित दर विक्रेताओं को दिए सक्रिय सहयोग के निर्देश

बरेली@bareillylive:बरेली। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में उचित दर विक्रेताओं को भी अभियान से जोड़ते हुए आमजन को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर महानगर बरेली के समस्त उचित दर विक्रेताओं को स्व-गणना अभियान में सक्रिय सहयोग के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील सदर के सभागार में बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्व-गणना की प्रक्रिया और इसके महत्व की विस्तार से जानकारी दी गई।

राशन लेने आने वाले लोगों को करेंगे जागरूक

बैठक में एडीएम संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने उचित दर विक्रेताओं से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर तक अपनी दुकानों पर आने वाले राशन कार्डधारकों और अन्य नागरिकों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें। साथ ही उन्हें निर्धारित अवधि में स्वयं अपनी गणना की प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उचित दर विक्रेता अपने प्रतिष्ठानों पर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि स्व-गणना से जुड़ी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। इसके साथ ही स्व-गणना कार्य में लगी टीमों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

अभियान को प्राथमिकता देने के निर्देश

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने भी उचित दर विक्रेताओं को इस राष्ट्रीय कार्य में प्राथमिकता के आधार पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को स्व-गणना के लिए प्रोत्साहित कर अभियान की सफलता में सहयोग करें।

बैठक में महानगर के समस्त उचित दर विक्रेता और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!