गऊ ग्राम परखम में आज मुख्यमंत्री योगी करेंगे कई प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास

bareillylive@गऊ ग्राम परखम में आज मुख्यमंत्री योगी करेंगे कई प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास 1

पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का होगा विमोचन, आयुर्वेद कॉलेज और पशु चिकित्सालय की रखी जाएगी आधारशिला

@bareillylive:फरह (मथुरा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मथुरा के फरह स्थित गऊ ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास एवं अनुसंधान प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है।

कार्यक्रम शनिवार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास (विद्यार्थी छात्रावास) का लोकार्पण करेंगे।

वहीं, मुख्यमंत्री आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय तथा कर्मचारी आवासीय परिसर (2 बीएचके) का शिलान्यास भी करेंगे। इन प्रकल्पों को गौ विज्ञान, पशु चिकित्सा, आयुर्वेद और पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

केंद्रीय कृषि मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा परम पूज्य निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज तथा आचार्य महामंडलेश्वर श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के श्री अवधेशानंद गिरि जी महाराज का आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी होंगे।

कई केंद्रीय और प्रदेश सरकार के मंत्री रहेंगे मौजूद

लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल होंगे।

इसके अलावा भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय उत्तराखंड के कुलाधिपति डॉ. चिन्मय पंड्या और विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास की उपस्थिति भी रहेगी।

सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्थाएं पूरी

मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी अतिथियों के आगमन को लेकर गऊ ग्राम, परखम परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री के उद्बोधन के लिए भव्य मंच और पंडाल तैयार किया गया है।

कार्यक्रम में आने वाले वीआईपी अतिथियों, पत्रकारों, विशिष्ट अतिथियों और आम आगंतुकों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे चुका है।

कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी कीर्ति पी. कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों के आगमन को देखते हुए आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!