The Voice of Bareilly since 2010

कोरोना वायरस संक्रमण : यूपी में सप्लाई चेन व कम्युनिटी किचन से जुड़े लोगों की जांच के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सप्लाई से जुड़े लोगों की कोरोना वायरस जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टेस्टिंग लैब बढ़ाए जाने पर बल देते हुए कम्युनिटी किचन चलाने वालों की भी मेडिकल जांच के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक के बाद अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने टेस्टिंग लैब बढ़ाने के लिए कोविड केयर फंड से धन भी स्वीकृत किया है। 

बरेली समेत 10 जिले कोराना वायरस से हुए मुक्त

अवस्थी ने बताया कि प्रदेश के 10 जिले कोराना वायरस से मुक्त हो गए हैं। इनमें बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, हाथरस, प्रयागराज, महराजगंज, बाराबंकी और कौशाम्बी शामिल हैं। 22 जिले पहले से ही कोरोना वायरस से मुक्त हैं इस प्रकार से प्रदेश के 32 जिले कोरोना वायरस से मुक्त हैं। इन कोरोना वायरस मुक्त जिलों में भी सतर्कता बरतने को कहा गया है। निजी चिकित्सालयों में भी संक्रमण के प्रति सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर मुख्य सचिव गृह ने बताया कि कोटा से लौटे सभी छात्र-छात्राओं को होम क्वारंटाइन किया गया है। इस दौरान सभी से फोन पर बात कर उनका हाल लिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कोरोना महामारी से लड़ने में प्रभावी कदम उठाने और प्रभावितों की सहायता के लिए पंचायती राज विभाग ने उत्तर प्रदेश कोविड केयर फंड में 53 करोड़ 20 लाख रुपये का योगदान दिया है। 

error: Content is protected !!