The Voice of Bareilly since 2010

कोरोना वायरस से जंग : 1921 नंबर से कॉल कर सरकार पूछेगी कुछ सवाल, सवाल देना है जरूरी

नई दिल्ली। “आरोग्य सेतु” एप और ट्विटर पर “कोविड इंडिया सेवा” शुरू करने के बाद केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण पर राष्ट्रव्यापी सर्वे के लिए 1921 नंबर शुरू किया है। आपके पास भी इस नंबर से कॉल आएगी। चूंकि आजकल फेक या स्पैम कॉल के चलते लोग कॉल रिसीव नहीं करते हैं, इसके मद्देनजर सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब आपके पास 1921 नंबर से कॉल आए तो इसका जवाब देना जरूरी है। दरअसल, इस कॉल के माध्यम से जो जानकारी जुटाई जाएगी, उससे सरकार को कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के जानकारों का कहना है कि सरकार की तरफ से 1921 से कॉल के आने के बाद आपसे आपके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद आपका नाम और पता भी पूछा जाएगा। विदेश यात्रा के बारे में भी जानकारी ली जा सकती है। ये भी पूछा जा सकता है कि आपके परिवार या फिर कोई रिश्तेदार कोरोना का शिकार तो नहीं हुआ है।   

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि देश में पिछले कुछ दिनों से कोरोना वायरस के सामुदायिक फैलाव या संक्रमण (Community spills or infections) की बात कही जा रही है। हालांकि आधिकारिक आंकड़ो के लिहाज से यह कहना मुश्किल है कि कोरोना वायरस का संक्रमण कम्युनिटी में फैल चुका है। इस रैंडम कॉल के माध्यम से सरकार यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर कोरोना वायरस संक्रमण कहां तक पहुंच चुका है।

error: Content is protected !!