The Voice of Bareilly since 2010

CBSE Board Remaining Exam 2020 : जो जहां पर है वहीं दे सकेगा परीक्षा

नई दिल्ली(CBSE Board Remaining Exam 2020)। कोरोना वायरस (कोविड-19) के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के दौरान जो छात्र-छात्राएं अपने गृह जिलों या अन्य प्रदेश में चले गये हैं, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद) उनकी 10वीं और 12वीं की परीक्षा उन्हीं जिलों में करवाने का प्रयास कर रही है। मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने बुधवार को यह जानकारी दी।

निशंक ने कहा, ‘‘ कोविड-19 संकट के कारण हजारों बच्चे अपने गृह प्रदेश में चले गये थे। ऐसी स्थिति में बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे विद्यार्थियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई ने यह फैसला लिया है कि ऐसे विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा अपने गृह जिले में ही दे सकते हैं।’’

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए बोर्ड द्वारा पूर्व में निर्धारित किए गए परीक्षा केंद्र आने की जरूरत नहीं पड़ेगी और इस बारे में छात्र-छात्राओं को अनुरोध पंजीकृत कराने के लिए सीबीएसई रूपरेखा की घोषणा करेगा।

डॉ. निशंक ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय को इस बारे में सूचना दें कि वे किस जनपद में है और कहां से अपनी परीक्षा देना चाहते हैं। सीबीएसई कोशिश कर रहा है कि उनकी सुविधा के अनुसार परीक्षा की व्यवस्था करे। उन्‍होंने बताया कि जून के पहले सप्ताह में इस बारे में पता चल जायेगा कि संबंधित छात्र-छात्राओँ कहां परीक्षा देनी है?

गौरतलब है कि कोविड-19 के प्रसार के कारण विद्यालय बंद होने और फिर 25 मार्च से राष्ट्रव्यापी लाकडाउन लागू के कारण सीबीएसई की 12वीं की कई परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। इससे पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुए दंगे की वजह से वहां के विद्यालयों की 10वीं की कुछ परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ी थीं। अब ये परीक्षाएं 1 से 15 जुलाई के बीच होगी। 12वीं कक्षा की लंबित परीक्षा पूरे देश में होगी जबकि 10वीं कक्षा की लंबित परीक्षा केवल उत्तर पूर्व दिल्ली में होगी।

error: Content is protected !!