The Voice of Bareilly since 2010

Bareilly Breaking: नकटिया नदी में डूबने से 2 छात्रों की मौत

बरेली। नवाबगंज तहसील के भोला मानपुर गांव में सोमवार को दो छात्रों की नकटिया नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों छात्र घास काटने के लिए नदी के पार स्थित खेतों पर जा रहे थे।

नवाबगंज तहसील के भोला मानपुर गांव का रहने वाला दिनेश (19) पुत्र सोमपाल राजश्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। सोमवार की सुबह वह गांव में ही रहने वाले वाले 8वीं कक्षा के छात्र राम मोहन (14) पुत्र मंगल सेन के साथ खेतों में जाने के लिए नकटिया नदी पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही दोनो छात्र बीच में पहुंचे, तभी राम मनोहर अचानक डूबने लगा। यह देख दिनेश उसे बचाने पहुंचा। राम मनोहर को बचाने के दौरान दिनेश भी डूबने लगा। दोनों को डूबता देख वहां मौजूद अन्य बच्चों ने इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। दोनों के नदी में डूबने की बात पता चलते ही आ पास के ग्रामीण भी उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए। कुछ देर तलाशने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें नदी से बाहर निकाला।

परिवारीजनों सहित अन्य ग्रामीण उन्हें तत्काल नवाबगंज के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंच जहां डाक्टर ने चिकित्सीय परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।  

दिनेश अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें नीरज और रीना हैं। नीरज का विवाह हो चुका है। वह बीएससी की पढाई करने के साथ ही घर के कामों में अपने पिता का हाथ बंटाता था। उसकी मौत के बाद उसके घर में मातम छा गया है। उसकी मां दुर्गा देवी, बहन नीरज व रीना का रो-रो कर बुरा हाल है। 

राम मोहन घर में सबसे छोटा था। इस कारण बडे भाई जगमोहन और ब्रजमोहन उसका खूब ख्याल रखते थे। उसकी मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी मां और भाअयों का रो-रो कर बुरा हाल है।  

error: Content is protected !!