The Voice of Bareilly since 2010

भारत-बांग्लादेश के बीच चलेगी ट्रेन और बस, मोदी और हसीना ने Sign किए 22 समझौते

pm modi-sheikh haseenaनई दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने आज हैदराबाद हाउस में शिखर वार्ता के दौरान 22 समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसमें कोलकाता से खुलना के बीच एक ट्रेन चलाने और दो बस सेवा पर सहमति बनी। एक जुलाई से ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी।

पीएम मोदी और शेख हसीना ने साझा बयान जारी करके सभी 22 समझौतों की जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने इससे पहले ट्वीट किया – भारत, बांग्लादेश संबंधों में एक नया अध्याय। साझा बयान जारी करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश आर्थिक मुद्दों पर मिलकर आगे बढ़ेंगे। साथ ही पड़ोसी देश को बिजली आपूर्ति बढ़ाने की बात भी पीएम मोदी ने की।

पीएम मोदी ने कहा कि इसके साथ ही बांग्लादेश के साथ दोस्ती का नया अध्याय शुरू हो गया है। भारत हमेशा से बांग्‍लादेश की समृद्धि चाहता है और जरूरी है कि दोनों देश साथ मिलकर आतंकवाद का भी मुकाबला करें। बांग्लादेश को सैन्य आपूर्ति के लिए भारत ने 50 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा की घोषणा भी की। दोनों देश असैन्य परमाणु ऊर्जा पर एक रूपरेखा बनाने पर सहमत हुए। इससे इस क्षेत्र में व्यापक सहयोग मुहैया होगा। इसमें बांग्लादेश में भारत द्वारा परमाणु रिएक्टर स्थापित करना भी शामिल है।

भारत दौरे पर शेख हसीना का ये है कार्यक्रम

पीएम नरेंद्र मोदी मेहमान नेता के सम्मान में आज भोज देंगे। परिवहन संपर्क शुभारंभ कार्यक्रम एवं भोज में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी आमंत्रित किया गया है। दिल्ली छावनी में आज दोपहर एक कार्यक्रम में हसीना 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में बलिदान देने वाले भारतीयों के परिजनों को सम्मानित करेंगी। शाम को उनकी उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी से मुलाकात होगी। मेहमान नेता रविवार को अजमेर में ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर जियारत करने जाएंगी। रविवार शाम को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन करेंगे, जिसमें ममता बनर्जी के अलावा बांग्लादेश की सीमा से लगे राज्यों असम, मेघालय, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे। सोमवार यानी 10 अप्रैल को शीर्ष वाणिज्यिक संगठनों सीआईआई/फिक्की/ऐसोचैम द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हसीना शिरकत करेंगी। फिर उसी दिन शाम चार बजे स्वदेश लौट जायेंगी।

इससे पहले आज सुबह राष्ट्रपति भवन में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उसके बाद हसीना राजघाट गई जहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को प्रोटोकॉल तोड़कर हवाई अड्डे पर हसीना को लेने स्वयं पहुंचे थे। वह भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह पिछले सात वर्षों में उनका पहला द्विपक्षीय भारत दौरा है। उन्होंने इससे पहले जनवरी 2010 में भारत का दौरा किया था।

 

error: Content is protected !!