The Voice of Bareilly since 2010

‘बड़ा फैसला- तीन तलाक दिया तो शौहर होगा दोषी’

तीन तलाक सम्भल। तीन तलाक को लेकर देश में छिड़ी जोरदार बहस के बीच मुसलमानों की एक बिरादरी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए अपने समाज में इस पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। यह फैसला तुर्क बिरादरी ने लिया है। फैसले में कहा गया है कि एक साथ तीन तलाक पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। अगर कोई ऐसा करता है तो एक साथ तीन तलाक के मामले में सारी गलती शौहर की मानी जाएगी। ऐसे में पंचायत के पास उसे सजा देने का अधिकार होगा।

सम्भल के 55 गांवों में फैली है तुर्क बिरादरी

बता दें कि सम्भल के करीब 55 गांवों में फैली तुर्क बिरादरी की आबादी 50 हजार है। गुरुवार को बिरादरी की पंचायत हाजीपुर गांव में बैठी थी जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। पंचायत की अध्यक्षता करने वाले असरार अहमद ने बताया कि पंचायत ने एक ही बार में तीन तलाक देने की प्रथा को गलत बताते हुए कहा कि बैठक में तुर्क बिरादरी में इस पर पाबंदी लगाने का फैसला किया गया है।

कतई मंजूर नहीं एक बार में तीन तलाक

उन्होंने बताया कि पंचायत का कहना है कि घरेलू झगड़ों को लेकर एक बार में तीन तलाक नहीं दी जाए। अगर कोई एक बार में तीन तलाक देता है तो उस मामले में पंचायत पूरी गलती शौहर की ही मानी जाएगी। यह भी बताया कि पंचायत को शौहर को दंडित करने का अधिकार होगा। अहमद ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति का अपनी पत्नी से कोई विवाद है तो पहले अपनी शिकायत पंचायत में रखे. कैसे भी हालात हों, मगर एक बार में तीन तलाक नहीं दें। अगर जरूरी हो तो एक बार तलाक कहें और बीवी को कम से कम एक महीने का समय दें।

एजेंसी

 

error: Content is protected !!