The Voice of Bareilly since 2010

ऑपरेशन All Out में शहीद मेजर कमलेश पाण्डेय को बरेली के MH में श्रद्धांजलि, हेलीकाप्टर से हल्द्वानी भेजा पार्थिव शरीर

Tribute

शहीद मेजर कमलेश पाण्डे के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित करते उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल।

बरेली। कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे सेना के अभियान के दौरान शहीद हुए मेजर कमलेश पाण्डे को प्रदेश सरकार की ओर से वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज शुक्रवार को यहां सैन्य अस्पताल में श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना के इस जाबांज शहीद को सैन्य अधिकारियों और पुलिस ने भी अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शहीद का शव हैलिकॉप्टर से हल्द्वानी भेजा गया। सेना से मिली जानकारी के मुताबिक वहीं उनका अंतिम संस्कार होना है।

आतंकवाद के खिलाफ कश्मीर में चल रहे सेना के आपरेशन ऑलआउट के दौरान शोपिया में आतंकवादियों से मुठभेड में गुरूवार को सेना के मेजर कमलेश पाण्डेय शहीद हो गए थे। उनका शव विशेष विमान से यहां वायुसेना के त्रिशूल हवाई अडडे पर रात को पहुंचा था। यहां से उनके शव को सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलने पर प्रदेश के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार की सुबह सैन्य अस्पताल पहुंचकर राज्य सरकार की ओर से शहीद मेजर कमलेश पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर सेना और पुलिस के अधिकारी मौजूद थे। सेना के अधिकरियों ने बताया कि शहीद मेजर कमलेश पांडे उत्तराखंड के अलमोडा जिले के दिगोली गांव के मूल निवासी थे। इनका परिवार इस समय हल्द्वानी में रह रहा है।

 

 

error: Content is protected !!