The Voice of Bareilly since 2010

पिथौरागढ़ के कनार में बादल फटने से भारी तबाही, पुल बहा-मलबे में दबे मकान

बादल फटने से भारी तबाही, पुल बहापिथौरागढ़। जिले के कनार में बुधवार को देर रात बादल फटने से भारी तबाही हुई है। यहां एक मोटर पुल बह गया और चार मकानों के भी बह जाने की सूचना है। साथ ही कई मकानों में पानी घुस गया और भारी मात्रा में मलबा भर गया। बरम क्षेत्र का सड़क संपर्क जिले के अन्य हिस्सों से कट गया है।

पिथौरागढ़ के तहसील बंगापानी के कनार नामक स्थान पर बुधवार रात करीब पौने दस बजे बादल फट गया। इस घटना में पुल बह गया है। चार मकानों के भी मलबे में बहने की सूचना है। बड़ी संख्या में मवेशी बह गए हैं। कुछ मलबे में जिंदा दफन हो गए। दहशत में आए ग्रामीणों ने सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर भाग कर जान बचाई। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। ग्राम प्रधान बरम नवीन सिंह ने बताया कि बादल फटने से 6 मकानों में भारी मलबा और पानी घुस गया है।

घटना के बाद 40 से अधिक परिवार खतरे में आ गये हैं। गोसी नदी लगातार बढ़ रही है। एक स्कूल की दीवार ढह गई है। मुख्य भवन खतरे में आ गया है। मौके पर एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुट गई है। यह क्षेत्र जिला मुख्यालय से करीब 80 किमी दूर है। यहां मोबाइल नेटवर्क भी ठप हो गया है। प्रशासन का कहना है कि नुकसान की जानकारी नहीं मिल पा रही है। मुनस्यारी और धारचूला से राहत टीमें भेज दी गई हैं। पीड़ित ग्रामीणों की पूरी मदद की जाएगी।

 

error: Content is protected !!