The Voice of Bareilly since 2010

ठंड से सुन्न हो गये हाथ-पैर, ठिठुर गयी जिन्दगी

ठंड से सुन्न हो गये हाथ-पैर,बरेली। भीषण सर्दी और कोहरे से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इस सर्दी का कारण पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाएं हैं। शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम यानि इस सीजन का सबसे कम 5.1 डिग्री रहा।

2018 के पहले दिन से ही इस बार भीषण सर्दी पड़ रही है। आज दिन में थोड़ी धूप निकलने के बाद भी लोगों को सर्दी से खास राहत नहीं मिली। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने गलन और बढ़ा दी। शाम होते-होते लोगों के हाथ-पैर सुन्न पड़ गये। हाड़कंपाती सर्दी और सर्द हवाओं के कारण बच्चें और बुजुर्गों को खासी परेशानी हो रही है। बच्चों में निमोनिया और विंटर डायरिया का असर दिखायी देने लगा है। सरकारी जिला अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों तक सर्दी से पीड़ित मरीजों की संख्या भी खासी बढ़ी है। बुजुर्गों को भी सर्दी से परेशानी बढ़ी है। सुबह कोहरे के कारण दमा के मरीजों को खासी परेशानी हो रही है।

पारा गिरकर पहुंचा 5 डिग्री पर

आज सुबह से घना कोहरा और बर्फीली हवाओं ने सर्दी को और बढ़ा दिया। इससे गलन बढ़ गयी। दोपहर में एक बजे सूर्य देवता ने दर्शन दिये तो लोगों ने कुछ राहत महसूस की। कुछ ही घण्टों में मौसम ने फिर करवट ली और तेज सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी। शाम होते-होते शीतलहर ने अपना रंग दिखा दिया।

रविवार को और गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। कल रविवार को भी कोहरा रहने के बाद धूप निकल सकती है। हालांकि तापमान और गिर सकता है। इससे गलन बढ़ सकती है।

error: Content is protected !!