The Voice of Bareilly since 2010

अब पीले रंग से पुतवायी गयीं यूपी हज समिति के दफ्तर की दीवारें 

राज्य हज समितिलखनऊ। राजधानी स्थित राज्य हज समिति के कार्यालय की दीवारों को रातों रात अब पीले रंग से पुतवा दिया गया है। सरकार ने हज समिति की दीवारों को केसरिया रंग से पुताई का ठीकर ठेकेदार के सिर फोड़ते हुए कहा कि उस पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि एक दिन पूर्व हज समिति के दफ्तर की चाहरदीवारी को भगवा रंग से पोत दिया गया था। यह खबर सुर्खियां बनते ही विपक्ष और उलमाओं ने इसका विरोध किया था।

हज समिति के सचिव आरपी सिंह ने कहा कि ठेकेदार ने गलती से दीवारों की पुताई भगवा रंग से करा दी थी, गलती को अब सुधार लिया गया है। भगवा रंग को लेकर उठे विवाद के बाद योगी आदित्यनाथ की सरकार का बचाव करते हुए हज राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने कहा था कि ऐसे मामलों को तूल देने की कोई जरूरत नहीं है। केसरिया रंग ऊर्जा का प्रतीक है। अब भवन अच्छा दिख रहा है. विपक्ष के पास कोई बड़ा मुद्दा नहीं है, लिहाजा वह ऐसे मुद्दों को उछाल रहा है।

विपक्ष ने किया था भारी विरोध

हज समिति के कार्यालय का रंग भगवा किए जाने के बाद विपक्षी दलों और मुस्लिम संगठनों ने शुक्रवार को विरोध किया था। विपक्षी सपा के प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह साजन ने कहा कि सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए अब रंगों का खेल खेल रही है। अभी तक तो आश्रम ही भगवा रंग में होते थे, अब ये लोग ऑफिसों की बिल्डिंग को भी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “अधिकारी भी योगी की चापलूसी में लगे हैं. उन्हें शायद यह नहीं पता कि रंगा सियार ज्यादा दिन नहीं छुप पाता है।“

 

error: Content is protected !!