The Voice of Bareilly since 2010

कन्हैया कुमार पर दुर्व्यवहार का आरोप, हड़ताल पर गये AIIMS पटना के जूनियर डॉक्टर्स

जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमारपटना। जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार पर एम्स (AIIMS) पटना के जूनियर डॉक्टरों ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। डॉक्टर्स का कहना है कि कन्हैया ने अपने समर्थकों के साथ डॉक्टर्स से बदसुलूकी की। बता दें कि कन्हैया रविवार की रात एआईएसएफ के बिहार प्रदेश के सचिव सुशील कुमार को एम्स में देखने गए थे। सुशील एम्स के ट्रामा इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हैं।

जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि कन्हैया के साथ करीब डेढ़ दर्जन समर्थक थे। आरोप है कि इन सभी ने ट्रामा इमरजेन्सी में जाने का प्रयास किया। सुरक्षा गार्ड ने उतनी संख्या में लोगों को वार्ड में जाने से रोका। इस पर समर्थक गार्ड से धक्का-मुक्की करने लगे और अंदर चले गए। वार्ड में डयूटी पर तैनात जूनियर डॉक्टर ने भी समर्थकों को वापस जाने को कहा लेकिन नहीं वे सब अड़े रहे।

 हड़ताल पर गये जूनियर डॉक्टर्स

आरोप है कि कन्हैया के समर्थक जूनियर डॉक्टरों के साथ भी धक्का-मुक्की करने लगे। काफी देर तक इसे लेकर एम्स में हंगामा होता रहा। रात करीब 10 बजे जूनियर डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया। एम्स प्रशासन की पहल पर रात में वे काम पर तो लौट गये लेकिन सोमवार की सुबह 11 बजे बैठक कर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं जिससे बिहार के कोने-कोने से आए मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। मरीज एम्स से लौटने लगे हैं। एम्स में भर्ती मरीजों की परेशानी अधिक है।

इधर कन्हैया समर्थकों का कहना है कि हड़ताल करने के बाद डॉक्टरों ने उनके मरीज सुशील का इलाज करना छोड़ दिया है और आज उनकी ड्रेसिंग भी नहीं हुई है।

एजेन्सी

error: Content is protected !!