The Voice of Bareilly since 2010

प्रयागराज कुंभ मेलाः निर्माणाधीन हेलीपोर्ट भवन का एक हिस्सा गिरा

हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची बचाव टीम ने दोनों मजदूरों को बाहर निकाल लिया है। दोनों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रयागराज। प्रयागराज कुंभ-2019 के लिए युद्धस्तर पर चल रही तैयारियों के बीच बुधवार देर रात यहां एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन हेलीपोर्ट के भवन का एक हिस्सा गिरने से दो मजदूर दब गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेलाधिकारी ने हादसे की जांच के लिए कमेटी का गठन किया है। कुंभ मेला 14 जनवरी को विधिवत रूप से शुरू होना है।

एक साथ चल रहा था बीम व लेंटर डालने का काम

कीडगंज क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे मौजगिरि मंदिर के पास चार करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट भवन का निर्माण कराया जा रहा है। शुरू में काम धीमी गति से चला, अब जब कुंभ शुरू होने की तारीख नजदीक चुकी है, काम में तेजी लाई गई है। इसके चलते ही बीम और लेंटर डालने का काम साथ किया जा रहा था। बुधवार देर रात इस प्रक्रिया में दोनों के लिए शटरिंग डालकर जब मसाला डाला गया तो एकाएक पूरी शटरिंग भरभरा कर गिर गई। इस शटरिंग के मलबे के नीचे सर्वेश कुमार समेत मजदूर दब गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ व पुलिस की राहत टीम ने घायल दोनों मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा। एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची बचाव टीम ने दोनों मजदूरों को बाहर निकाल लिया है। दोनों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आम व खास सबके लिए होगा हेलीपोर्ट

कुंभ मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन द्वारा हेलिक़ॉप्टर सुविधा देने के लिए हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। इस हेलीपोर्ट पर वीवीआईपी मेहमानों के हेलिकॉप्टरों की पार्किंग भी की जानी है। गौरतलब है कि इस बार कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन द्वारा कई सारी तैयारी की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लेने कई बार यहां आ चुके हैं।

error: Content is protected !!