The Voice of Bareilly since 2010

ट्रंप ने दी अमेरिकी कंपनियों को चेतावनी,रोजगार के अवसर बाहर भेजे तो…

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) को चेताया है कि यदि उन्होंने दूसरे देशों में विनिर्माण सुविधाएं स्थापित कीं तो उन पर भारी सीमा टैक्स लगाया जाएगा। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो कंपनियां घरेलू स्तर पर उत्पादन को प्रोत्साहन देंगी उनके लिए नियमनों तथा टैक्सों में कटौती की जाएगी।

ट्रंप ने कल 12 कंपनियों के सीईओ के साथ व्हाइट हाउस में नाश्ते पर बैठक में कहा कि विनिर्माण की हवा अब फिर अमेरिका की ओर चलनी चाहिए। उन्होंने मुख्य कार्यकारियों से कहा कि यदि वे नौकरियां दूसरे देशों को स्थानांतरित करते हैं तो इसके ‘परिणाम’ भुगतने पड़ेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो कंपनियां यहां अपने उत्पाद बनाएंगी उनके लिए लाभ की स्थिति होगी। ट्रंप ने आगाह किया, ‘यदि कोई कंपनी अमेरिका में सभी लोगों को नौकरी से निकालना चाहती है और किसी अन्य देश में कारखाना लगाकर यह सोचती है कि उसके सभी उत्पाद सीमा से आसानी से निकलकर यहां आ जाएंगे, तो ऐसा नहीं होगा। उन्हें इसके लिए भारी भरकम सीमा टैक्स चुकाना होगा।’

उन्होंने कहा, ‘हम मध्यम वर्ग तथा कंपनियों दोनों के लिए टैक्सों में कटौती करने जा रहे हैं। यह कटौती भारी भरकम होगी।’ ट्रंप ने कहा, ‘हमारा मानना है कि नियमनों में 75% कमी की जा सकती है या इससे भी अधिक। हम 75% कटौती करेंगे।’

भाषा

error: Content is protected !!