The Voice of Bareilly since 2010

केंद्र सरकार के पेंशनरों को बड़ी राहत, अब 31 दिसंबर तक कर सकेंगे ये काम

नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी के बीच केंद्र सरकार ने अपने पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। वे अपना जीवन प्रमाणपत्र 1 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच जमा करा सकते हैं। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को यह घोषणा की। इससे पहले पेंशन जारी रखने के लिए जीवन प्रमाणपत्र सिर्फ नवंबर में जमा कराया जा सकता था।

जितेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी और बुजुर्गों को इससे खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार के सभी पेंशनभोगी एक नवंबर, 2020 से 31 दिसंबर, 2020 तक जीवन प्रमाणपत्र जमा करा सकते हैं। विस्तारित अवधि के दौरान वितरण प्राधिकरण पेंशनभोगियों को बिना किसी रुकावट पेंशन का भुगतान करते रहेंगे।’’ उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने का समय बढ़ने से बुजुर्गों को काफी राहत मिलेगी।

 मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बैंक शाखाओं में भीड़भाड़ से बचने के लिए बैंकों से कहा गया है कि वे रिजर्व बैंक के दिशानिर्देशों के दायरे में पेंशनभोगियों से जीवन प्रमाणपत्र लेने के लिए वीडियो आधारित ग्राहक पहचान प्रक्रिया (वी-सीआईपी) का इस्तेमाल करने का प्रयास करें।

error: Content is protected !!