The Voice of Bareilly since 2010

कोरोना की “तीसरी लहर ” ने दिल्ली में बिगाड़े हालात, केन्द्र सरकार से मदद की गुहार





नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना संक्रमण की “तीसरी लहर” ने अब तक की सभी तैयारियों को नाकाफी साबित कर दिया है। रोजाना जितनी बड़ी संख्या में पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं, उसे देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन को पत्र लिखकर राजधानी में केन्द्र सरकार द्वारा संचालित अस्पतालों में बेड्स की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया है।

केजरीवाल ने यह अनुरोध उस अनुमान के मद्देनजर किया है, जिसमें कहा गया है कि दिल्ली में कोरोना वायरस के तीसरे दौर के दौरान आगामी हफ्तों में कोरोना वायरस के रोजाना 15,000 मामले सामने आ सकते हैं।

केजरीवाल ने डॉ. हर्षवर्धन को लिखे पत्र में अस्पतालों में लगभग 4,900 बेड्स कम होने की बात कही है। उन्होंने अनुरोध किया कि वह दिल्ली में केन्द्र सरकार द्वारा संचालित अस्पतालों को 300 आईसीयू बेड्स समेत कम से कम 1,092 अतिरिक्त बेड्स और जरूरी चिकित्साकर्मियों का प्रबंध करने का निर्देश दें।

डॉक्टर पॉल कमेटी ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में कोविड-19 के तीसरे दौर में बढ़ते प्रदूषण, त्योहारों का जश्न, शादी के सीजन और अन्य वजहों से आगामी हफ्तों में कोरोना वायरस के रोजाना 15,000 मामले सामने आ सकते हैं।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कमेटी के अनुमान का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली में बीते कुछ दिन में कोविड-19 के मामलों में एक बार फिर तेजी देखी गई है। दिल्ली में फिलहाल आईसीयू बेड्स समेत कुल 15,713 बेड्स हैं।  लगभग 4900 बेड्स की कमी है, जिसे केन्द्र और दिल्ली सरकार द्वारा संचालित अस्पतालों की मदद से पूरा किया जाना है। 

गौरतलब है कि मंगलवार, 11 नवंबर 2020 को पहली बार दिल्ली में कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 7,830 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले 4.5 लाख के पार पहुंच गए हैं। इसके साथ ही 83 और मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या भी बढ़कर 7,143 पर पहुंच गई है।

error: Content is protected !!