The Voice of Bareilly since 2010

2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा भारत, अमेरिका को पछाड़ कर यह देश होगा होगा टॉप पर

नई दिल्ली। भारत 2025 तक दुनिया की पांचवीं और 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था (Economy) बन जाएगा। सेंटर ऑफ इकनॉमिक्स एंड बिजनस रिसर्च (सीईबीआर, CIBR) की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। गौरतलब है कि भारत 2019 में ब्रिटेन को पीछे छोड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया था लेकिन वर्ष 2020 में वह फिर से छठे स्थान पर फिसल गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना महामारी और रुपये की कमजोरी के कारण भारेत छठे स्थान पर खिसक गया है। लेकिन, भारत 2025 में फिर से ब्रिटेन से आगे निकल जाएगा। सीईबीआर के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था 2021 में नौ प्रतिशत और 2022 में सात प्रतिशत बढ़ेगी। आर्थिक रूप से ज्यादा संपन्न होने के बाद स्वाभाविक रूप से भारत की रफ्तार धीमी होगी और 2035 में जीडीपी ग्रोथ 5.8 प्रतिशत रह जाएगी। इस दौरान भारत 2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। वह 2025 में ब्रिटेन, 2027 में जर्मनी और 2030 में जापान को पीछे छोड़ देगा।

चीन होगा शीर्ष पर

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन वर्ष 2028 में अमेरिका को पछाड़कर दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। पहले माना जा रहा था कि चीन 2033 तक इस मुकाम पर पहुंचेगा लेकिन कोविड-19 महामारी ने स्थिति को बदल दिया है। चीन तेजी से इस संकट से बाहर निकल गया जबकि अमेरिकी इकॉनमी अब भी संघर्ष कर रही है। यही वजह है कि चीन अनुमान से 5 साल पहले ही अमेरिका से आगे निकल जाएगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ समय से अमेरिका और चीन के बीच अर्थव्यवस्था और सॉफ्ट पावर संघर्ष चल रहा है। कोविड-19 महामारी ने इसे चीन के पक्ष में मोड़ दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने शुरुआत में ही लॉकडाउन लगाकर महामारी से निपटने में बेहद कुशलता दिखाई जबकि अमेरिका को अब भी संघर्ष करना पड़ रहा है। 

चीन की अर्थव्यवस्था के 2021-25 के दौरान 5.7 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ने की उम्मीद है। उसके बाद उसकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ेगी। 2026 से 2030 के दौरान यह 4.5 प्रतिशत रह सकती है।

दूसरी ओर अमेरिका की अर्थव्यवस्था के लंबे समय तक इससे प्रभावित रहने की आशंका है। 2022 से 2024 के बीच देश की आर्थिक रफ्तार 1.9 फीसदी रहने का अनुमान है। उसके बाद यह 1.6 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ेगी। जापान 2030 के दशक की शुरुआत तक डॉलर टर्म में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना रहेगा। उसके बाद भारत उससे आगे निकल जाएगा। जर्मनी चौथे से पांचवें नंबर पर खिसक जाएगा। अभी पांचवें नंबर पर मौजूद ब्रिटेन 2024 में छठे स्थान पर खिसक जाएगा।

error: Content is protected !!