The Voice of Bareilly since 2010

Corona Vaccination in India: देशभर में मुफ्त लगाई जाएगी कोरोना की वैक्सीन

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की भारत में दस्तक के बीच लोगों को कोरेना का टीका लगना शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने शनिवार को बड़ी घोषणा की कि देशभर में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी। दिल्ली में कोरोना वैक्सीनेशन के ड्राई रन का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ हर्षवर्धन ने कहा, “सिर्फ दिल्ली ही नहीं, पूरे देश में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगाई जाएगी।”

हालांकि, यहां यह बात महत्वपूर्ण है कि सभी नागरिकों को कोरोना का टीका नहीं लगेगा। सरकार पहले भी कई मौकों पर स्पष्ट कर चुकी है कि सभी भारतीयों को टीका लगाने की जरूरत ही नहीं होगी। सिर्फ उतनी आबादी को टीका लगाया जाएगा जिससे कोरोना के प्रति हर्ड इम्युनिटी विकसित हो जाए यानी कोरोना संक्रमण की चेन टूट जाए। हां, अब स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन्हें भी कोरोना की वैक्सीन लगेगी, उनसे इसके लिए एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा। टीका किन्हें लगेगा, ये सरकार चिह्नित कर रही है।

पहले चरण में इन्हें लगेगा टीका

टीकाकरण अभियान के पहले चरण में सबसे ज्यादा जोखिम वाले लोगों को टीका लेगाये जाएगा। पहले चरण में तीन करोड़ लोगों को टीका लगाया जाएगा जिनमें हेल्थकेयर वर्कर, कोरोना वॉरियर, 50 साल से ज्यादा उम्र के लोग या किसी अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग होंगे। डॉ हर्षवर्धन ने बताया, “टीकाकरण के पहले चरण में देशभर में सर्वोच्च प्राथमिकता वाले लाभार्थियों को मुफ्त वैक्सीन दी जाएगी। इसमें एक  करोड़ हेल्थकेयर वर्कर और दो करोड़ फ्रंटलाइन वर्कर भी शामिल होंगे। बाकी 27 करोड़ लोगों को जुलाई तक टीका लगना है और उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है।”

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा, “मैं लोगों से अपील करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान न दें। वैक्सीन की सुरक्षा और उसकी कारगरता सुनिश्चित करना हमारी पहली प्राथमिकता है। पोलियो उन्मूलन के लिए टीकाकरण के वक्त भी तमाम तरह की अफवाहें फैली थीं लेकिन लोगों ने वैक्सीन ली और अब भारत पोलियो-मुक्त है।”

error: Content is protected !!