The Voice of Bareilly since 2010

बरेली समाचार- पक्षी वैज्ञानिक की संदिग्ध हालात में ट्रेन से कटकर मौत

बरेली। घरेलू विवाद की वजह से पत्नी से अलग रह रहे फरीदपुर निवासी पक्षी वैज्ञानिक विराट सिंह तोमर की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। चर्चा है कि परिवार के किसी सदस्य के साथ कहासुनी के बाद वह घर से निकले थे।

परिवार के लोगों के मुताबिक, विराट सिंह तोमर सोमवार को शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे। कुछ देर बाद लोगों ने पचौमी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर उनका शव पड़ा होने की सूचना दी। इस पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने विराट सिंह तोमर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।

फरीदपुर की मछली तालाब कॉलोनी के रहने वाले विराट सिंह तोमर (30 वर्ष) ने बायोलॉजी में पीएचडी करने के बाद दिल्ली के वर्ल्ड केयर में काम किया। इसके बाद उन्होंने वर्ल्ड लाइफ एंड फॉरेस्ट कंजर्वेशन ट्रस्ट ऑफ इंडिया के नाम से संस्था बनाकर पक्षियों पर अनुसंधान शुरू किया था। परिवारीजनों ने बताया कि विराट की शादी ग्वालियर की युवती से  हुई थी। अनबन होने के बाद पत्नी मायके में रह रही थी। विराट सिंह तोमर के पिता अरविंद तोमर सोसाइटी में सचिव थे। उनकी बीते दिनों मौत हो गई। विराट चार भाइयों में सबसे बड़े थे।

error: Content is protected !!