The Voice of Bareilly since 2010

बदतर होते हालात : देश में 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 81,466 नए मामले, 469 लोगों की मौत

नई दिल्ली। भारत में कोरोना की दूसरी लहर कहर बरपाने लगी है। हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। आज शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के बाद कोरोना संक्रमण 6 महीने के टॉप पर चल रहा है। देश में एक साल पहले जैसी स्थिति बनती दिखाई दे रही है। पिछले 24 घंटों में देशभर में 81 हजार 466 मामले सामने आए जबकि 469 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देशभर में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख 63 हजार 3 सौ 96 पहुंच गया है। 

एक तरफ जहां देश में टीकाकरण के तीसरा चरण शुरू हुआ है और इसकी गति बढ़ाई गई है, वहीं दूसरी तरफ कोरोना ने भी रफ्तार बढ़ा ली है। पिछले 24 घंटों में आए मामलों के बाद से देश में 6,14,696 एक्टिव केस हैं। कोरोना से ठीक होने वालों की बात करें तो बीते 24 घंटों में 50हजार 356 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। देशभर में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 1,15,25,039 हो गई है।

महाराष्ट्र में कोरोना विस्फोट

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का अब तक का सबसे बड़ा विस्फोट हुआ है। गुरुवार को यहां 43,183 नए संक्रमित मिले। यह किसी भी राज्य में एक दिन में आया कोरोना का सबसे बड़ा आंकड़ा है। हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक दिन में इससे ज्यादा केस दुनिया के सिर्फ पांच देशों में ही हैं। पहले नंबर पर ब्राजील, दूसरे नंबर पर खुद भारत, तीसरे नंबर पर अमेरिका और चौथे नंबर पर फ्रांस है। इसके बाद सबसे ज्यादा केस अकेले महाराष्ट्र में हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को भी कहा था कि देश में 8 राज्यों में रोज आने वाले कोरोना मामलों में वृद्धि दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों में दर्ज होने वाले 84.6 प्रतिशत मामलों के लिए देश के 8 राज्य जिम्मेदार हैं। ये राज्य हैं- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, पंजाब, केरल, तमिलनाडु, गुजरात और मध्य प्रदेश।

error: Content is protected !!