The Voice of Bareilly since 2010

आईपीएल पर कोरोना का साया : अश्विन, टाई, जम्पा और रिचर्डसन ने टूर्नामेंट से वापस लिया नाम

नई दिल्ली। कोरोना की दूसर लहर तूफान में बदल चुकी है। कोरोना संक्रमितों के आंकड़े रोज नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। हर दिन हजारों बीमार दम तोड़ रहे हैं। ऐसे माहौल में भी देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL, आईपीएल) का आयोजन हो रहा है। हालांकि, अब कुछ बड़े खिलाड़ियों ने महामारी को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। पहले दिल्ली कैपिटल्स के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और राजस्थान रॉयल्स के सीमर एंड्रयू टाई ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एडम जम्पा और केन रिचर्डसन ने भी टूर्नामेंट से नाम वापस लेने का फैसला कर लिया। इससे पहले राजस्थान के ही लियाम लिविंगस्टोन भी बायो बबल की थकान की वजह से वापस इंग्लैंड लौट चुके हैं।

दिल्ली की हैदराबाद के खिलाफ सुपर ओवर में जीत के बाद अश्विन ने सोशल मीडिया पर मैसेज के जरिए लीग से हटने की जानकारी दी। अश्विन ने लिखा है, “मेरे परिवार के सदस्य और अन्य परिजन इन दिनों कोरोना का मुकाबला कर रहे हैं। इस कठिन परिस्थितियों में मैं उनके साथ रहना चाहता हूं। अगर स्थिति में सुधार हुआ तो मैं दोबारा खेल में लौटूंगा। धन्यवाद दिल्ली कैपिटल्स।”

दिल्ली कैपिटल्स टीम के कोच रिकी पोंटिंग ने भी कहा कि खिलाड़ियों के बीच ग्राउंड के अंदर के प्रदर्शन से ज्यादा बाहर जो हो रहा है, उसकी चर्चा हो रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस वक्त शायद खिलाड़ी देश में सबसे सुरक्षित लोग हैं। इसी ट्वीट को लेकर दिल्ली कैपिटल्स ने भी एक ट्वीट किया है जिसमें फ्रेंचाइजी ने कहा है, “इस कठिन समय में, हम आप को पूरा समर्थन करते हैं आर अश्विन। दिल्ली कैपिटल्स आप और आपके परिवार को सारी ताकत और प्रार्थनाएं भेज रही है।” हालांकि, अश्विन ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि उनके परिवार का कौन सा सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित है लेकिन इस बात को माना जा सकता है कि अश्विन के परिवार का कोई अहम सदस्य कोरोना के खिलाफ इस समय लड़ाई लड़ रहा है।

error: Content is protected !!