The Voice of Bareilly since 2010

“वृक्ष लगाओ पर्यावरण बचाओ अभियान” के पहले दिन एक हजार से अधिक स्थानों पर रोपे पौधे

शाहजहांपुर। हमारी धरती को हऱाभरा और प्रदूषण मुक्त करने के उद्देश्य से पर्यावरण प्रेमी प्रदीप वैरागी के आह्वान पर विश्व पर्यावरण दिवस पर“वृक्ष लगाओ पर्यावरण बचाओ अभियान” शुरू हुआ। पहले दिन ही देश-दुनिया में एक हजार से अधिक स्थानों पर पौधे लगाए गए और पर्यावरण प्रेमियों ने बरसात के मौसम में हर दिन एक पौधा लगाने का संकल्प लिया।

“कौन कहता है कि आसमान में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारों।” कोरोना संकट की कठिन घड़ी में ऑक्सीजन के लिए चारों ओर मची त्राहि-त्राहि को देखकर संपूर्ण जनमानस सिहर उठा था। हर किसी के जुबान पर एक ही बात थी- कैसे भी ऑक्सीजन के सिलेंडर मिल जाए! क्या आपने कभी सोचा था इसमें आखिर दोष किसका है? हमारा। क्योंकि हमने कितना प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन किया है, परिणामस्वरूप पर्यावरण में ऑक्सीजन की भारी कमी आई और कोरोना काल ने तो संपूर्ण जनमानस को हिला कर रख दिया। इस पूरे दृश्य को देखकर पर्यावरण प्रेमी. कवि और साहित्यकार प्रदीप वैरागी ने संकल्प लिया कि बरसात के मौसम में प्रतिदिन हर व्यक्ति से कम से कम एक पौधा अवश्य लगवाना है। इसके लिए विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) को उन्होंने स्वयं अपने क्षेत्र, जनपद, प्रदेश और देश ही नहीं बल्कि भारत के बाहर भी कई सारे पर्यावरण प्रेमियों से वीडियो संदेश के माध्यम से “वृक्ष लगाओ,पर्यावरण बचाओ अभियान” को गति प्रदान करने का निवेदन किया।

वीडियो संदेश द्वारा कई युवा कलाकारों को ब्रांड अम्बेसडर नियुक्त किया गया। इसके चलते परिणाम यह हुआ कि हजारों स्थानों पर पूरे दिन में पर्यावरण संरक्षण हेतु लक्ष्य से अधिक व्यापक पौधरोपण किया गया। नव-तरंग फाउंडेशन के अध्यक्ष और राष्ट्रीय अभियान प्रमुख प्रदीप वैरागी ने स्वयं पीपल का पौधा लगाकर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वैरागी ने बताया कि शाहजहापुर, बरेली, लखनऊ पीलीभीत, रामपुर, बदायूँ, मुरादाबाद, खीरी,आदि सहित देश के कई प्रदेशों महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, राजस्थान में भी व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि उनकी टीम द्वारा देशभर में 1000 से अधिक स्थानों पर सांकेतिक पौधरोपण किया गया। अब आगे पूरी बरसात भर प्रतिदिन मिट्टी के गोलों में बीजों को रखकर खाली पड़े स्थानों, सड़क के किनारों और निर्जन स्थानों पर फेंका जाएगा। बरसात में ये गोले गल कर बीज अंकुरित करेंगे और नए पौधे तैयार हो सकेंगे। इससे धरती पर चारों ओर हरियाली और शुद्ध प्राणवायु मिल सकेगी।

सहयोगी संस्था उम्मीद एक नया सवेरा वैलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष व पर्यावरण प्रेमी लवी सिंह ने पर्यावरण दिवस के अवसर पर संस्था की ओर से “वृक्ष लगाओ पर्यावरण बचाओ” मुहिम चलाई। इसके अंतर्गत संस्था के सदस्यों द्वारा भिन्न भिन्न जगहों पर नीम, पीपल, बेल, गूलर व फलदार वृक्षों के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही वर्चुअल संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें प्रो बीना मथेला विशिष्ट अतिथि थीं। लवी सिंह ने कहा है कि विश्व पर्यावरण दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य हमारी प्रकृति की रक्षा करना, सकारात्मक सार्वजनिक गतिविधियां और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है।

संस्था के अन्य सभी सदस्यों में विदित गुप्ता,रिदिमा शर्मा, अमित,संतोष गुप्ता,साक्षी गुप्ता, अमित चौहान, देवांश,  पंकज,  हर्षित, रिचा, उत्कर्ष, सूर्या, मथेला परिवार आदि ने पौधारोपण में सहभागिता की।

error: Content is protected !!