The Voice of Bareilly since 2010

सरकार ने चेताया- कोरोना की दूसरी लहर अभी तक खत्म नहीं हुई

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने चेताया है कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है। 8 राज्यों में ‘R’ वैल्यू अब भी ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी लव अग्रवाल ने मंगलवार को बताया कि देश के 57 जिलों में रोजाना कोरोना के 100 केस आ रहे हैं। देश के 18 जिलों में कोरोना के केस ज्यादा आ रहे हैं। इनमें केरल के 10, महाराष्ट्र के 3, मणिपुर के 2 तथा अरुणाचल, मेघालय और मिजोरम का 1-1 जिला शामिल है। देश में 44 जिले ऐसे हैं जहां 10% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। ये 44 जिले केरल, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम, पुद्दुचेरी, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, असम और आंध्र प्रदेश के हैं।

लव अग्रवाल ने कहा कि 10 मई को देश में 37 लाख सक्रिय मामले थे वह घटकर अब 4 लाख रह गए। एक राज्य ऐसा है जहां 1 लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं और 8 राज्य ऐसे हैं जहां 10,000 से 1 लाख सक्रिय मामले हैं। 27 राज्य ऐसे हैं जहां 10,000 से भी कम सक्रिय मामले हैं।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया मे अभी भी कोविड के केस आ रहे हैं। अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और भारत में आर वैल्यू बढ़ रही है। भारत में 8 राज्यों में Reproductive Number बढ़ रहे हैं। इन राज्यों में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, मिजोरम, कर्नाटक, पुद्दुचेरी और केरल शामिल हैं। वहीं, नागालैंड, मेघालय, हरियाणा, गोवा, झारखंड, एनसीआर और पश्चिम बंगाल में Reproductive Number स्थिर हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में Reproductive Number कम हो रहे हैं।

कोरोना की तीसरी लहर के सवाल पर लव अग्रवाल ने कहा, “मामले सीमित क्षेत्र से आ रहे हैं. गतिविधियां खोलने के बाद अगर कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हुआ तो वहां केस बढ़ सकते हैं। दूसरी लहर ही हमें सबसे पहले मैनेज करनी है।”

error: Content is protected !!