The Voice of Bareilly since 2010

भाजपा संगठन चुनाव की प्रक्रिया 11 सितंबर से होगी शुरू, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 15 दिसंबर के बाद

नई दिल्ली। पार्टी संगठन क्या होता है और कैसे चलाया जाता है, इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस को एक बार फिर आइना दिखाया है। लोकसभा चुनाव 2019 में मिली करारी हार के जख्म सहला रही कांग्रेस जहां तीन महीने बाद भी अपना स्थायी अध्यक्ष नहीं चुन पायी है, वहीं भाजपा ने महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में जल्द ही होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त करने के बाद अब पार्टी संगठन में नये सिरे से चुनाव कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

भाजपा संगठन में चुनाव प्रक्रिया 11 सितंबर से शुरू होने वाली है। पहले चरण में  बूथ अध्यक्ष लेवल और यूथ समितियों का चुनाव होगा। इस काम को 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। दूसरे चरण में 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मंडल अध्यक्ष का चुनाव होगा। जिला अध्यक्ष और प्रदेश परिषद के सदस्यों का चुनाव तीसरे चरण में 11 नवंबर से 30 नवंबर होगा।

भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधा मोहन सिंह ने बताया कि चौथे चरण में 1 दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव होगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए तारीख तय की जाएगी।

error: Content is protected !!