The Voice of Bareilly since 2010

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

बरेली : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शहर में विविध कार्यक्रम आयोजित किये गये। विभिन्न संस्थाओं एवं कार्यालयों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी गयी और बताया गया कि महिलाएं अपने भविष्य को सुधारते हुए वर्तमान परिवेश में सशक्त भूमिका का निर्वहन कर सकती हैं।

साकार संस्था में शिल्पी एवं ऐड बैंक के चित्रांश सक्सेना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महिला शक्ति को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रोवेशन अधिकारी  नीता अहरीवार ने किशोरियों और महिलाओं के लिए एक प्रेरक पत्रिका का विमोचन किया। “हौसलों की उड़ान” शीर्षक की इस पुस्तक में महिलाओं को विभिन्न कानूनों एवं उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गयी है।

टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रोवेशन अधिकारी  नीता अहरीवार को वूमेन आइकंस ऑफ बरेली अवार्ड से नवाजा गया। प्रख्यात शायर वसीम बरेलवी ने उनको यह सम्मान प्रदान किया।

प्रशिक्षु रंगकर्मियों द्वारा गंगाशील के हॉल में एक नाटक की प्रस्तुति दी गयी। इसमें गरिमा सक्सेना, अमित और उनकी टीम ने महिलाओ एवं पुरुषों के बीच जीवन के उतार-चढ़ाव और गलतियों से सीख लेते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गयी। इसके अलावा रंग प्रशिक्षण संस्था द्वारा भी महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रोवेशन अधिकारी  नीता अहरीवार भी मौजूद रहीं।

error: Content is protected !!