The Voice of Bareilly since 2010

प्रदेश प्रभारी की गिरफ्तारी पर भड़के भाकियू स्वराज कार्यकर्ताओं लगाया जामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बदायूं, बाइक पेड़ से टकराकर खाई में जा गिरी, मौत, @bareillylive, #Budaun-News,

BareillyLive. बदायूं। ढोलना पुलिस द्वारा भारतीय किसान यूनियन स्वराज के प्रदेश प्रभारी आशीष पांडेय की गिरफ्तारी के विरोध में संगठन के कार्यकताओं ने कादरचौक थाने के सामने बुधवार देररात जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों व भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। पुलिस ने जाम लगा रहे किसान यूनियन के लोगों को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। इससे बौखलाए संगठन के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। थाने के घेराव की सूचना मिलते ही आसपास के थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। किसान यूनियन के लोग लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।

एसपी सिटी व सीओ उझानी भी मौके पर पहुंचे और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर किसान यूनियन के लोग शांत हुए। इसके बाद एक दरोगा, दो सिपाही समेत 20 अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ लूट,मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की ओर से किसान यूनियन के कार्यकताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

बुधवार रात लगभग 10 बजे भाकियू स्वराज के तमाम पदाधिकारी कस्बा कादरचौक पहुंचे और वहां हूटर लगी बाइकें सड़क पर खड़ी करके जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची तो पदाधिकारियों ने बताया कि उनके प्रदेश प्रभारी को ढोलना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशस्तर से आंदोलन का निर्देश है। इसीलिए भाकियू स्वराज के कार्यकर्ता यहां जुटे हैं। पुलिस ने किसान संगठन के लोगों से जाम खोलने को कहा, इसी पर किसान संगठन के लोग भड़क गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे पुलिसकर्मियों व किसान संगठन के कार्यकताओं में तीखी झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया।

कुछ देर बाद बदायूं के अलावा कासगंज जिले के सीमावर्ती गांवों में रहने वाले कार्यकर्ताओं की भीड़ पुनः थाने पर जा पहुंची। मामले की सूचना पर एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, सीओ उझानी शक्ति सिंह समेत आसपास के थानों का फोर्स भी वहां जा पहुंचा। अधिकारियों ने बमुश्किल लोगों को समझाया, लेकिन भीड़ पुलिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर अड़ी थी। पुलिस अफसरों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जब कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, तब जाकर किसान संगठन के लोग शांत हुए।

देररात संगठन के अवनीश कुमार व अरविंद कुमार की ओर से थाने में तैनात दरोगा विक्रम सिंह, सिपाही जितेंद्र अवस्थी व एक अन्य सिपाही के खिलाफ मोबाइल व नकदी लूटने समेत मारपीट का मुकदमा लिखा गया है। मुकदमे में 20 अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की ओर से किसान संगठन के आठ नामजद व 125 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में सीओ उझानी शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों समेत किसान संगठन के लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!