The Voice of Bareilly since 2010

‘ऐसा लगता है मैं पिछले जन्म में बंगाल में पैदा हुआ था’, मालदा में बोले PM मोदी

मालदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों रूपा मित्रा चौधरी (मालदा दक्षिण) और मालदा उत्तर के मौजूदा सांसद खगेन मुर्मू के लिए एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए इस आशय की बात कही। उन्होंने कहा,“आपने हमें जो समर्थन दिया है उससे मैं अभिभूत हूं जैसे कि मैं अपने पिछले जन्म में बंगाल में पैदा हुआ था या राज्य में किसी मां के गर्भ से पैदा हुआ हूं।”

उन्होंने कहा,“बंगाल में सत्तारुढ़ तृणमूल जीवन के हर पहलू में भ्रष्टाचार में लिप्त है, जिससे लगभग 26,000 परिवार पीड़ित हैं। न्यायपालिका ने शिक्षा प्रणाली में घोटाले के संबंध में शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति रद्द कर दी है। तृणमूल भ्रष्टाचार करती है और बंगाल के लोग इसका खामियाजा भुगत रहे हैं।” मोदी ने एमएससी को आड़े हाथों लेते हुए कहा,“भर्ती घोटाले के साथ तृणमूल ने बंगाल के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।”

उन्होंने कहा कि राज्य में ‘भ्रष्टाचार’ और ‘कट मनी’ व्यवस्था व्याप्त है। प्रधानमंत्री ने तृणमूल पर निहित स्वार्थ के लिए हर केंद्रीय योजना का विरोध करने का आरोप लगाया ताकि लाभार्थियों को ऐसे विकास का सीधा आवंटन न मिल सके। उन्होंने कहा,“सारदा से लेकर कोयला, शिक्षा, पशु तस्करी तक, धन की हेराफेरी टीएमसी शासन का राज्य की भावी पीढ़ी को नष्ट करने का आदेश बन गया है।” उन्होंने मतदाताओं से अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने का आग्रह किया और दावा किया है कि उनके पास रिपोर्ट है कि पहले चरण का मतदान भाजपा के पक्ष में था और दूसरे चरण का मतदान भी भगवा पार्टी के पक्ष में होगा।

उन्होंने आगे कहा,“मैं उन लोगों को बधाई देता हूं जो उत्साहपूर्वक मतदान करने आए हैं। आप वोट डालकर भारत के लोकतंत्र में अपना योगदान दें।” उन्होंने कहा,“कांग्रेस-टीएमसी पहले चरण में हार गई और दूसरे चरण में ध्वस्त हो जाएगी।” मोदी ने कांग्रेस और टीएमसी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी के शासन में बंगाल में सिर्फ एक ही चीज चल रही है- हजारों करोड़ के घोटाले, सारदा चिटफंड, पशु तस्करी घोटाला, राशन घोटाला, कोयला घोटाला और न जाने क्या-क्या।

error: Content is protected !!