The Voice of Bareilly since 2010

उपचुनावः भाजपा ने बरकरार रखी हमीरपुर सदर सीट, युवराज ने सपा के मनोज को हराया

हमीरपुर (उत्तर प्रदेश)। भाजपा ने विधानसभा उप चुनाव में हमीरपुर सदर सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। हमीरपुर सदर से विधायक अशोक सिंह चंदेल की सदस्यता जाने के बाद 23 सितंबर को हुए उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी युवराज सिंह ने बाजी मार ली। उन्होंने सपा के मनोज प्रजापति को 17771 वोट से पराजित किया।

कृषि उत्पादन मंडी परिसर में गुरुवार को मतगणना के पहले चक्र से ही युवराज सिंह आगे चल रहे थे। 26वें चक्र की मतगणना तक उन्होंने अजेय बढ़त बना ली। युवराज सिंह को 74168  जबकि सपा के मनोज प्रजापति को 56397 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे बसपा नौशाद अली को 28749  जबकि कांग्रेस के हरदीपक निषाद को 16083 वोट मिले।

भाजपा विधायक अशोक सिंह चंदेल को उम्रकैद होने के कारण रिक्त हमीरपुर सदर विधानसभा सीट पर 23 सितंबर को मतदान हुआ था। मतगणना शुक्रवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई। इस उपचुनाव में विपक्षी दलों के किसी बड़े नेता ने प्रचार नहीं किया था जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद भाजपा प्रत्याशी युवराज सिंह के समर्थन में प्रचार किया था 2014 के बाद से यह पहला मौका है जब सभी प्रमुख दाल अकेले मैदान में थे। 

किसको कितने वोट

युवराज सिंह (भारतीय जनता पार्टी) 74168

मनोज प्रजापति (समाजवादी पार्टी)  56397

नौशाद अली (बहुजन समाज पार्टी) 28749

हरदीपक निषाद (इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी) 16083

नोटा  2290

कुल मत  192573

भाजपा 17771 वोट से जीती

हमीरपुर सदर की सीट पर विधानसभा उप चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भाजपा ने पुराना सिलसिला तोड़ दिया है। बीते पांच वर्ष में लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव में भाजपा का अनुभव अच्छा नहीं रहा था। 2014 के बाद विधानसभा और लोकसभा की 23 सीटों पर उपचुनाव हुए, जिनमें से भाजपा को महज पांच सीटों पर ही जीत मिली। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी भाजपा का उपचुनावों में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। कानपुर की सिकंदराबाद विधानसभा सीट को छोड़कर उसे चार उपचुनावों में हार का सामना करना पड़ा। इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखपुर और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की फूलपुर लोकसभा सीट पर उसे हार का सामना करना पड़ा।

error: Content is protected !!