Bareillylive : भारत तिब्बत सहयोग मंच ब्रज प्रांत बरेली क्षेत्र में इंद्रेश कुमार जी के मार्गदर्शन एवं संगठन महामंत्री पंकज गोयल के निर्देशानुसार ब्रज प्रांत अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम एवं जिला अध्यक्ष नत्थूलाल आर्य के नेतृत्व में सावन संकल्प अभियान चलाया गया। जिसमें सावन के चतुर्थ सोमवार को नवाबगंज, बरेली में त्यार जागीर कावड़ यात्रियों एवं ग्राम वासियों ने कैलाश मानसरोवर मुक्ति हेतु संकल्प लिया। इस शुभ अवसर पर जिला पंचायत वार्ड नंबर 6 के प्रत्याशी राजीव कुमार गंगवार ने सभी कांवड़ यात्रियों को अंग वस्त्र उपहार स्वरूप दिया।
ब्रज प्रांत अध्यक्ष शैलेंद्र विक्रम ने कहा कि श्रावण मास में हम सब अपने जीवन को नवचेतना के साथ नवीन करने का संकल्प लेते हैं। इसमें हमें शपथ लेना चाहिए हम किसी भी तरीके का नशा नहीं करेंगे, आपसी बैर नहीं रखेंगे, प्रेम से रहकर समाज का निर्माण करेंगे और पर्यावरण का नित्य-प्रतिदिन ख्याल रखेंगे। उन्होंने कैलाश मानसरोवर की मुक्ति के लिए संकल्प में कहा हम सब भारतवासी कैलाश मानसरोवर की मुक्ति के लिए देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना करते हैं कि जल्द कैलाश मानसरोवर मुक्त हो, तिब्बत मुक्त हो और हम सब निर्वाध रूप से महादेव की नगरी कैलाश के दर्शन पा सकें। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर कैलाश मानसरोवर की मुक्ति एवं तिब्बत की स्वतंत्रता हेतु एकजुट संकल्प लिया जाये क्योंकि वर्तमान में कैलाश और तिब्बत की भूमि पर चीनी कब्जा है जो न केवल भारत की आध्यात्मिक भावनाओं को आहत करता है बल्कि समूचे विश्व की शांति और मानवीय मूल्यों पर भी गहरा संकट है इसलिए भारत तिब्बत सहयोग मंच निरंतर शांतिपूर्ण माध्यमों से इन क्षेत्रों की स्वतंत्रता की मांग करता रहा है।
सभी कार्यकर्ताओं ने भगवान भोलेनाथ से सामूहिक प्रार्थना व जलाभिषेक कर जय भारत जय तिब्बत के उद्घोष के साथ संकल्प लिया जब तक कैलाश मानसरोवर की भूमि मुक्त नहीं होती और तिब्बत आजाद नहीं होता तब तक यह संगठन अपने विचार एवं प्रयासों से जनमानस को जागरूक करता रहेगा यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर बना बल्कि भारत की सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना के नवजागरण का प्रतीक भी सिद्ध हुआ।
जिलाध्यक्ष नाथूलाल आर्य ने कहा तिब्बत की स्वतंत्रता और कैलाश की मुक्ति के लिए यह अभियान केवल एक राजनीतिक या धार्मिक मुद्दा नहीं बल्कि भारत की आत्मा से जुड़ा हुआ व्यापक सांस्कृतिक आंदोलन है, साथ ही सभी ने मिलकर स्वदेशी वस्तुएं उपयोग हेतु संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान संगीता पाल, पूर्व ग्राम प्रधान छेदा लाल पाल, रमेश पाल, राजीव पाल, सुरेश मौर्य, धर्मपाल गंगवार, सुनीता देवी, मुकेश मिश्रा, नारायण आदि ग्रामवासियों ने संकल्प कार्यक्रम में भाग लिया।





