Bareillylive : श्री हरि मंदिर में 65वां विराट भक्ति ज्ञान वार्षिक श्री राधा अष्टमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भजन संध्याओं की कड़ी में आज 29 अगस्त 2025 को भक्ति का माहौल चरम पर रहा। अहमदाबाद से पधारे प्रसिद्ध पूज्य गुरुदेव श्री नंद किशोर शर्मा (नंदू भैया जी) ने “एक शाम-श्याम बाबा के नाम” भजन संध्या में भक्तों को ऐसी भक्ति रस में सराबोर कर दिया कि पूरे मंदिर प्रांगण में श्याममय वातावरण बन गया।
गुरुदेव द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण भजनों — ‘सांवरिया आजा रे’, ‘कीर्तन की रात है’, ‘सांवरे तेरी जय हो’, ‘हे श्याम अब तो आजा’, ‘श्याम ऐसी कृपा बरसा दे’, ‘हारे का सहारा आजा’, ‘नज़रे मिलने को जी चाहता है’, ‘मेरे बाबा बड़े दिलदार हैं’, ‘खाटू श्याम वाले घनश्याम मुरलिया वाले’ आदि — ने उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों के स्वरों ने भक्तजन इतना भावविभोर किया कि वे भक्ति में मग्न होकर नृत्य करने लगे, और पुरा प्रांगण राधा-श्याम की भक्ति से सराबोर हो गया।
मंदिर समिति के सचिव श्री रवि छाबड़ा ने जानकारी दी कि राधाष्टमी महोत्सव के क्रम में कल की भजन संध्या में जयपुर से पूज्य कुमार गिरिराज जी महाराज भक्तों को अपने भजनों के माध्यम से जुगल जोड़ी सरकार के श्रीचरणों में भावांजलि अर्पित करेंगे। मंदिर समिति की ओर से सभी भक्तजनों को सादर निमंत्रण दिया गया है कि वे आयोजन में उपस्थित होकर कृपा प्राप्त करें।
आज के आयोजन में मंदिर समिति अध्यक्ष सुशील अरोरा, सचिव रवि छाबड़ा, उपाध्यक्ष अश्वनी ओबेरॉय, संजय आनन्द, गोविन्द तनेजा, तुषार छाबड़ा, नमन आनन्द, सतेंद्र कुमार, हरीश लूनियाल, महिला मंडल अध्यक्ष रेनू छाबड़ा, कंचन अरोरा, ममता ओबेरॉय, नीलम साहनी, नीलम लुनियाल, नेहा आनंद, सीमा तनेजा, पूनम अरोरा, शेफाली अरोरा, अनु आनंद आदि ने विशेष सहयोग दिया।






