The Voice of Bareilly since 2010

गणपति महोत्सव के तीसरे दिन होंगे रंगारंग कार्यक्रम, सांस्कृतिक समूह देंगे अपनी प्रस्तुतियाँ

Bareillylive : राजेंद्र नगर में सात दिवसीय गणपति महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन चल रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत बड़ी धूमधाम से हुई जब युवाओं द्वारा आयोजित लड्डू यात्रा गणपति बप्पा के जयघोष के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। युवाओं के इस उत्साहपूर्ण स्वागत कार्यक्रम ने मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल उत्पन्न कर दिया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, ने भगवान गणपति का पूजन-अर्चन कर पूरे कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में 30 विभिन्न सांस्कृतिक समूहों के लगभग 250 बच्चों ने भाग लिया और अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विशेष आकर्षण रहा वृन्दावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मयूर नृत्य और फूलों की होली, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगे फूलों की होली और मयूर नृत्य ने उत्सव में एक अलग ही सांस्कृतिक छटा बिखेरी। बच्चों और कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियों की दर्शक वर्ग ने जमकर प्रशंसा की और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र के मुख्य अतिथि बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम रहे, जिन्होंने सभी कलाकारों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए। महापौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम नगर की कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजकों और सभी सहभागी पक्षों को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह जी ने भी भगवान गणपति की पूजा-अर्चना की एवं क्षेत्रवासियों को इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति के संयोजक अभय सिंह भटनागर ने बताया कि आयोजन स्थल शील चौराहा पर रात्रि 12 बजे तक भक्तजन गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों के साथ भक्ति मूड में डूबे रहे। हर उम्र और वर्ग के लोग श्रद्धा के साथ शामिल हुए, जिससे महोत्सव का वातावरण अत्यंत उल्लासपूर्ण बना रहा।

महोत्सव के तीसरे दिन यानि आज शुक्रवार शाम 7:00 बजे से विभिन्न सांस्कृतिक समूह अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे, जिनमें क्षेत्र के युवाओं और कलाकारों की भागीदारी देखने को मिलेगी। इसके बाद प्रसिद्ध टी-सीरिज भजन गायिका अर्पणा मिश्रा और अनंत मिश्रा भजनों की संध्या प्रस्तुत करेंगे, जो भक्तों के दिलों को भक्ति रस से सराबोर कर देगी। इस संध्या के बाद वृन्दावन के कलाकार मयूर नृत्य और फूलों की होली का पुनः रंगारंग प्रदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेली कैंट से विधायक माननीय संजीव अग्रवाल होंगे, जो इस भव्य उत्सव में विशेष रूप से शामिल होंगे।

error: Content is protected !!