बरेली@BareillyLive: बरेली में शुक्रवार को नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आये। इन लोगों के हाथों में ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लिये हुए थे। भीड़ में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने प्रदर्शन की आड़ में पुलिस और दुकान पर पथराव शुरू कर दिया। दुकानों में तोड़फोड़ और मैदान के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को भी तोड़ने का प्रयास किया। इस पर हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर दिया।
बता दें कि आईएमसी अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खान ने आई लव मोहम्मद पोस्टर को लेकर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था।
हालांकि पुलिस प्रशासन ने अनुमति रद्द कर दी थी और उन्हें बहुत समझाया भी था लेकिन मौलाना तौकीर नहीं माने। उनके ऐलान और इस्लामियां इण्टर कॉलेज पहुंचने के आवाह्न पर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आये। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने।
इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने प्रदर्शन की आड़ में पुलिस और बाजार में दुकानदारों पर पथराव शुरू कर दिया। दुकानों में तोड़फोड़ और मैदान के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को भी तोड़ने का प्रयास किया।
इस पर हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर दिया। डीआईजी अजय साहनी के नेतृत्व में एसएसपी अनुराग आर्य, डीएम अविनाश सिंह, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी अंशिका वर्मा, एसपी मुकेश मिश्रा, एसपी अकमल खान की टीमों ने शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये बलपूर्वक भीड़ को सड़कों से खदेड़ दिया।
बता दें कि तौकीर रजा के ऐलान के बाद पुलिस को बबाल की आशंका थी। बरेली शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। इस्लामिया मैदान से लेकर आला हजरत दरगाह तक चप्पे-चप्पे पर भारी तादात में पुलिस बल को तैनात किया गया था। इसी तैयारी के चलते पुलिस उपद्रवियों को नियंन्त्रित करने में सफल रही।
बवाल और उपद्रव की सूचना पर शहर के बाजार बंद होने लगे। आलमगिरीगंज, बांसमंडी, सिविल लाइंस, बड़ा बाजार, कुतुबखाना, बिहारीपुर में दुकानों के धड़ाधड़ शटर गिरने लगे। इस्लामिया मैदान से लौटते वक्त उपद्रवियों ने कुमार टॉकीज के पास और आजमनगर में भी पथराव कर दिया। जिस पर पुलिस ने बलपूर्वक उन्हें खदेड़ दिया। लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने कुछ उपद्रवियों को हिरासत में भी ले लिया है।
बैनर-झंडे लेकर की नारेबाजी
आई लव मोहम्मद पोस्टर विवाद को लेकर मौलाना तौकीर रजा की कॉल पर शुक्रवार को भीड़ सड़कों पर उतरी। मस्जिदों से निकलकर लोग हाथों में तख्तियां और झंडे लिए नारेबाजी करते हुए इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान की ओर बढ़ने लगे। जैसे ही भीड़ खलील तिराहे पर पहुंची, पुलिस ने रोका तो माहौल गरमा गया। जिस पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। दो बाइकें तोड़ी गईं और एक दुकान पर तोड़फोड़ की गई। अचानक हुए बवाल से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। सड़क पर चारों ओर चप्पलें, पत्थर और टूटे वाहनों के शीशे बिखरे पड़े थे। अफरातफरी का आलम यह रहा कि खलील तिराहे से लेकर बिहारीपुर चौकी तक हालात बेकाबू हो गये। जिसे पुलिस ने बड़ी कोशिश के बाद संभाला।
पुलिस के सामने ही पथराव
बिहारीपुर चौकी के पास पुलिस हालात काबू करने में देर तक जूझती रही। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के सामने ही पथराव किया। वहां एक डेन्टिस्ट के क्लीनिक पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिये गये। इस बीच माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि देखते ही देखते पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई और अफसर खुद मौके पर डटे रहे। हालात को देखते हुए डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसपी सिटी मानुष पारीक खुद मौके पर पहुंचे। पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग की। उनके निर्देशन में पुलिस ने हालात को काबू में किया और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है।
आंसू गैस के गोले छोड़े, पुलिस ने किया बल प्रयोग, भीड़ खदेड़ी गई
स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और उपद्रवियों को दौड़ाकर खदेड़ा। कई बार भीड़ लौटकर आती रही, लेकिन पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उसे तितर-बितर कर दिया।





