Bareillylive : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 156वीं जयंती और भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की 121वीं जयंती की पूर्व संध्या पर यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने मदर टेरेसा प्रेम निवास चौकी चौराहा पर एक समाजसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में भोजन, मिष्ठान और फल वितरण के माध्यम से जरुरतमंदों की सेवा की गई।
कार्यक्रम में अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय विजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने इस प्रकार के सेवा कार्यों की सराहना की और समाज में ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया। संस्था अध्यक्ष गोविंद सैनी ने कहा कि महात्मा गांधी, जिन्हें स्नेहपूर्वक ‘बापू’ कहा जाता है, उन्होंने कभी भी जाति-पाति या ऊंच-नीच के भेदभाव को स्वीकार नहीं किया। उनके जीवन दर्शन की जड़ सत्य और अहिंसा हैं, जो आज भी हमारे देश और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
संस्था के संरक्षक उमेश प्रजापति ने कहा कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा पर आधारित सिद्धांत आज भी समाज के विकास और सामंजस्य की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपनाकर जीवन को सजाएं और समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
कार्यक्रम में मोहम्मद नबी, शिवम प्रजापति, सौरभ खन्ना, ओमपाल प्रजापति, राजेंद्र प्रजापति, पवन कालरा, सुबोध शुक्ला, अमित सक्सेना, शालू सैनी, जैनब फातिमा, नीति खन्ना सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और युवाओं ने भाग लिया। सभी ने मिलकर जरूरतमंदों के बीच भोजन, फल, एवं मिष्ठान वितरित किए और इस अवसर को सेवा एवं एकता का संदेश देने वाला बनाया।
यह आयोजन गांधी और शास्त्री के अनमोल योगदान और उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में भाईचारे, समानता और इंसानियत को बढ़ावा देने का प्रयास था। यूथ वेलफेयर सोसाइटी का यह कदम सामाजिक जिम्मेदारी का परिचायक रहा, जो युवाओं को भी सेवा की ओर प्रेरित करता है। जिला प्रशासन द्वारा भी इस सेवा कार्य को सकारात्मक दृष्टि से देखा गया और भविष्य में इसी तरह के संस्थागत प्रयासों को बढ़ावा देने की बात कही गई।





