बरेली@BareillyLive: ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि बरेली को सम्भल नहीं बनने दिया जाएगा। मौलाना शहाबुद्दीन का आरोप है कि समाजवादी पार्टी बरेली की शांति को अशांति में बदलने और शहर को सम्भल जैसा बनाने की कोशिश कर रही है।
मौलाना ने एक वीडियो जारी कर कहा कि बरेली में जुमे की नमाज शांति और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुई। लोग नमाज पढ़कर सीधे घर लौट गये। लेकिन अब सपा का उद्देश्य शांत माहौल को भंग करके शहर को सम्भल की तरह उथल-पुथल वाला बनाना है।
मौलाना ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को यह समझना चाहिए कि बरेली का मामला स्थानीय है और इसे स्थानीय पुलिस और प्रशासन मिलकर संभाल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी बाहर के लोग शहर में दखल न दें, वरना मुस्लिम जमात के कार्यकर्ता उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं।
मौलाना ने आगे कहा कि बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे को बनाए रखना सबका फर्ज़ है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अपील की कि बाहरी लोगों पर नजर रखी जाए, ताकि किसी भी तरह शांति भंग न हो।





