बरेली@BareillyLive: बरेली बवाल के मुख्य आरोपी इत्तेहाद-ए-मिल्लत यानी आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के दाहिने हाथ माने जाने वाले नफीस खां के बारात घर ‘रजा पैलेस’ पर आज भी कार्रवाई की गयी। आज रविवार को बीडीए की टीम ने बुल्डोजर से कल का बचा हिस्सा भी ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे बीडीए के अफसर भारी पुलिस बल के साथ जखीरा स्थित रजा पैलेस पहुंचे। यहां बरातघर के शेष हिस्से को ढहाना शुरू किया। बता दें कि शनिवार को शाम तीन बजे से रात आठ बजे तक की पांच घण्टे की कार्रवाई में करीब 70 फीसदी हिस्से को जमींदोज कर दिया गया था। शेष बचा हिस्सा आज धराशायी कर दिया गया।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
बीडीए की इस ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। लोग आस-पास के घरों की छतों से कार्रवाई देखते रहे।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंदन ए. के अनुसार, बरातघर का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के किया गया था। मानचित्र आवासीय का पास कराकर व्यावसायिक निर्माण किया गया था। इसके लिए पहले ही नोटिस जारी कर चेताया गया था।
वक्फ की जमीन पर बना था बारातघर ‘रज़ा पैलेस’
बताया जा रहा है कि यह बरातघर वक्फ की जमीन पर बनाया गया था। बीडीए और प्रशासनिक अफसरों की जांच में बरातघर की दीवार पर लगी नेम प्लेट से मामले का खुलासा हुआ। यहां लगी नेम प्लेट पर मुतवल्ली शोएब बेग पुत्र स्व. अथहर बेग (पूर्व पीसीएस अधिकारी) लिखा था। नफीस ने अपने बहनोई शोएब बेग के साथ मिलकर इसका निर्माण कराया था। इस बारात घर के संचालन की जिम्मेदारी भी शोएब बेग ही संभाल रहे थे।





