The Voice of Bareilly since 2010

बरेलीः फरीदपुर में समाधान दिवस में पहुंचे डीएम, कराया शिकायतों का निस्तारण

बरेलीः फरीदपुर, समाधान दिवस, डीएम, शिकायतों का निस्तारण,

BareillyNews: बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में तहसील फरीदपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। समाधान दिवस में राजस्व सम्बन्धी, अवैध कब्जा, पैमाईश संबंधित सहित विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पूर्ति विभाग, चकबंदी विभाग सहित अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायतें प्राप्त हुई,जिसपर जिलाधिकारी ने संबन्धित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरतापूर्वक ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में स्थलीय निरीक्षण भी करें एवं निस्तारण उपरांत शिकायतकर्ता से फीडबैक भी अवश्य लें।समाधान दिवस में जिलाधिकारी द्वारा मिशन शक्ति के तहत सांकेतिक रूप से लगभग 17 महिलाओं को राशन कार्ड वितरित किया गया।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुरूप कार्य किया जाए, किसी गरीब और कमजोर का हक न मारा जाए। उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय ना होने पाए इसको अच्छे से सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने लेखपालों को निर्देश दिए कि पैमाईश में विशेष ध्यान देकर नियमानुसार एवं पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करें,किसी के साथ अन्याय न होने पाए ,इसको अच्छे से अमल में लाएं। उन्होंने कहा कि आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्रों को जारी करते समय विशेष ध्यान दिया, कोई गलत प्रमाणपत्र जारी न होने पाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त बीएलओ वोटर लिस्ट बनाते समय बिना किसी दवाब के नियमानुसार कार्य करें। सम्बन्धित अधिकारियो को सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जे हटवाने हेतु यथोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुई,जिसमें 06 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।

समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, परियोजना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!