The Voice of Bareilly since 2010

ग्यारहवें “अटल मन: पत्रकार सम्मान” से सम्मानित हुए वरिष्ठ पत्रकार निर्भय सक्सेना

Bareillylive : साहित्यिक संस्था शब्दांगन के तत्वावधान में अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर आयोजित ग्यारहवें कार्यक्रम में पत्रकार निर्भय सक्सेना को “अटल मन: पत्रकार” सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान शब्दांगन सभागार, बिहारीपुर खत्रियान में आयोजित कार्यक्रम में दिया गया, जहां संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुरेश रस्तोगी, महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी, उपाध्यक्ष रामकुमार अफरोज एवं लोकतंत्र सेनानी विनोद गुप्ता ने मोतियों की माला, पगड़ी, उत्तरीय, स्मृति चिन्ह, प्रमाणपत्र और पटका भेंट कर पत्रकार निर्भय सक्सेना का गरिमापूर्ण स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की मूर्ति और भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। कवि रितेश साहनी ने वाणी वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का साहित्यिक माहौल बनाया। कवि उपमेंद्र सक्सेना ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन चरित्र को भावपूर्ण गीत के माध्यम से दर्शाकर उपस्थित अतिथियों का मनमोह लिया। डॉ. सुरेश रस्तोगी ने अध्यक्षता की, जबकि समारोह का संचालन महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी ने किया।

सन्मान प्राप्त करते हुए पत्रकार निर्भय सक्सेना ने शब्दांगन संस्था और उपस्थित सभी लोकतंत्र सेनानियों को आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “अटल मन: पत्रकार” सम्मान उनकी पत्रकारिता के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान है। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में सृजनात्मकता बनाए रखने का संकल्प जताया ताकि समाज को सही दिशा मिलती रहे। समाजसेवी जनार्दन आचार्य ने अपने संबोधन में निर्भय सक्सेना के पत्रकारिता अनुभव और उनकी पांच वर्षों से “कलम बरेली की” पत्रिका संपादन की भूमिका को सराहा। पत्रिका में बरेली जिले की प्रमुख घटनाओं का सारगर्भित इतिहास संग्रहित किया गया है।

लोकतंत्र सेनानी विनोद गुप्ता ने अटल बिहारी वाजपेयी के राजनीतिक, साहित्यिक और वक्तृत्व गुणों की सराहना करते हुए उनके संस्मरण साझा किए और उनकी विषम परिस्थितियों में सफल राजनीति का महत्त्व बताया। कार्यक्रम में डॉ. श्वेतकेतु शर्मा, रामकुमार अफरोज, राम प्रकाश सिंह ओज, सुरेंद्र बीनू सिन्हा, प्रकाश चंद्र सक्सेना, मदनलाल शर्मा, रणधीर प्रसाद गौड़ धीर, विशाल शर्मा, जितेंद्र सक्सेना, संजीव कुमार अवस्थी, रोहित अग्रवाल, रितेश साहनी, अलका त्रिवेदी, मीनू रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में साहित्यिक और सामाजिक क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री इंद्रदेव त्रिवेदी ने किया और अंत में डॉ. सुरेश रस्तोगी ने सभी का आभार व्यक्त किया।यह आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी के यादगार व्यक्तित्व एवं उनके सिद्धांतों को प्रेरणा स्वरूप जीवन में अपनाने का संदेश देता है।

error: Content is protected !!